Bihar Civil Services Incentive Schem: मुख्यमंत्री नारी शक्ति योजना के तहत चल रही सिविल सेवा प्रोत्साहन राशि योजना का दायरा अब बढ़ाया जा रहा है. इसके बाद सभी वर्गों की महिला अभ्यर्थियों को इस योजना का लाभ मिल सकेगा.
अभी तक योजना का फायदा अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अति पिछड़ा वर्ग और दिव्यांग अभ्यर्थियों को ही मिल रहा था. सामान्य वर्ग, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग और पिछड़ा वर्ग की महिला अभ्यर्थियां इससे बाहर थीं.
अब समाज कल्याण विभाग ने योजना में बदलाव करने का फैसला किया है. इसका फायदा उन महिला अभ्यर्थियों को भी मिलेगा, जो संघ लोक सेवा आयोग और बिहार लोक सेवा आयोग के अलावा दूसरी बड़ी प्रतियोगी परीक्षाओं की प्रारंभिक परीक्षा पास करेंगी.
जल्द कैबिनेट से मिलेगी मंजूरी
समाज कल्याण मंत्री डॉ. श्वेता गुप्ता के अनुसार, सामान्य वर्ग, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग और पिछड़ा वर्ग की महिला अभ्यर्थियों को भी सिविल सेवा प्रोत्साहन राशि देने का फैसला विभाग के स्तर पर किया गया है.
इस प्रस्ताव को जल्द ही राज्य मंत्रिमंडल के सामने रखा जाएगा. मंजूरी मिलने के बाद तय शर्तें पूरी करने वाली सभी वर्गों की महिला अभ्यर्थियों को योजना का लाभ मिल सकेगा. वर्ष 2021-22 से अब तक 4,513 महिला अभ्यर्थियों को इस योजना का फायदा मिल चुका है. सरकार की ओर से इन अभ्यर्थियों को कुल 23.395 करोड़ रुपये की राशि दी गई है.
परीक्षा के हिसाब से मिलेगी प्रोत्साहन राशि
नई व्यवस्था के तहत अलग-अलग प्रतियोगी परीक्षाओं में प्रारंभिक परीक्षा पास करने वाली महिला अभ्यर्थियों को अलग-अलग राशि देने का प्रस्ताव है. भारतीय अभियंत्रण सेवा, भारतीय आर्थिक सेवा, भारतीय सांख्यिकी सेवा और संयुक्त भू-वैज्ञानिक जैसी निर्धारित संघ लोक सेवा आयोग की परीक्षाओं की प्रारंभिक परीक्षा पास करने वाली महिला अभ्यर्थियों को 75 हजार से 1 लाख रुपये तक की प्रोत्साहन राशि मिल सकती है.
वहीं, संयुक्त रक्षा सेवा, राष्ट्रीय रक्षा अकादमी, केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो और दूसरे राज्यों की राज्य सिविल सेवा की प्रारंभिक परीक्षा पास करने वाली महिला अभ्यर्थियों को 50 हजार रुपये देने का प्रावधान प्रस्तावित है. भारतीय रिजर्व बैंक ग्रेड-बी, भारतीय स्टेट बैंक और तय रेलवे भर्ती परीक्षाओं की प्रारंभिक परीक्षा पास करने पर 30 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि देने का प्रस्ताव है.
अभी यूपीएससी और बीपीएससी के लिए मिलती है राशि
फिलहाल संघ लोक सेवा आयोग की सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा पास करने वाली महिला अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा की तैयारी के लिए 1 लाख रुपये की सहायता दी जाती है.
वहीं, बिहार लोक सेवा आयोग की प्रारंभिक परीक्षा में सफल होने वाली महिला अभ्यर्थियों को 50 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि मिलती है. योजना का दायरा बढ़ने के बाद दूसरी प्रमुख प्रतियोगी परीक्षाओं में सफल महिला अभ्यर्थियों को भी आर्थिक मदद मिल सकेगी.
ये भी पढ़ें- नेपाल में फिर फटी ग्लेशियल झील, बिहार के इन जिलों में मंडराया बाढ़ का खतरा! गंडक-कोसी बराज के गेट खुले