भारत सरकार के फैसले का फायदा उठाना चाहता है सीमा हैदर का पति, VIDEO जारी कर की ये मांग

कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद केंद्र सरकार ने सख्त कदम उठाते हुए सभी पाकिस्तानी नागरिकों को 48 घंटे के भीतर भारत छोड़ने का आदेश दिया है.

Ghulam Haider New Video From Pakistan ask indian government to send seema back to pakistan
Image Source: Social Media

Ghulam Haider New Video From Pakistan: जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद केंद्र सरकार ने सख्त कदम उठाते हुए सभी पाकिस्तानी नागरिकों को 48 घंटे के भीतर भारत छोड़ने का आदेश दिया है. इस फैसले के बाद से ही सीमा हैदर का मामला एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है. सोशल मीडिया पर यह बहस छिड़ी है कि क्या सीमा हैदर को भी अब भारत से वापस पाकिस्तान भेजा जाएगा?

सीमा के पहले पति का वीडियो वायरल

इस बीच सीमा हैदर के पहले पति गुलाम हैदर का एक नया वीडियो सामने आया है, जिसमें वह भावुक होते हुए बार-बार अपनी बात दोहराते दिख रहे हैं—“सीमा को पाकिस्तान वापस भेजा जाए.” वीडियो में गुलाम हैदर ने कहा कि वो बीते दो सालों से अपने बच्चों से मिलने को तरस रहा है और भारत सरकार से मांग कर रहा है कि उसके बच्चों को वापस पाकिस्तान भेजा जाए.

गुलाम हैदर ने अपने वीडियो में सख्त तेवर अपनाते हुए सीमा हैदर के वकील एपी सिंह पर भी निशाना साधा. उन्होंने कहा, “जो उसका मुंह बोला भाई बनता है, एपी सिंह, उसे शर्म आनी चाहिए. इंसानियत तो जैसे उसके अंदर बची ही नहीं है.” उन्होंने यह तक कहा कि अगर कभी सीमा या एपी सिंह सामने आ गए तो वो उन्हें चप्पल से पीटेगा.

2023 में PUBG से शुरू हुई थी कहानी

सीमा हैदर मई 2023 में नेपाल के रास्ते अवैध रूप से भारत आई थीं. PUBG के जरिए उनकी दोस्ती नोएडा निवासी सचिन मीणा से हुई थी, जो बाद में प्यार में बदल गई. अब सीमा रबूपुरा (ग्रेटर नोएडा) में सचिन की पत्नी के रूप में रह रही हैं और दोनों के एक नवजात बच्ची भी है.

सीमा की नागरिकता और कानूनी स्थिति पर सवाल

सीमा हैदर भारत में वैध दस्तावेजों के बिना आई थीं और उनके पास अब तक कोई भारतीय नागरिकता नहीं है. ऐसे में केंद्र सरकार द्वारा पाकिस्तानी नागरिकों को देश छोड़ने का निर्देश दिए जाने के बाद यह सवाल उठ रहा है कि क्या यह आदेश सीमा पर भी लागू होगा? हालांकि, अभी तक इस पर सरकार की तरफ से कोई औपचारिक टिप्पणी नहीं आई है.

विशेषज्ञों की राय और आगे की संभावना

कानूनी विशेषज्ञों की मानें तो सीमा का मामला थोड़ा जटिल है क्योंकि उन्होंने भारत में एक भारतीय नागरिक से शादी की है और उनके एक बच्ची भी है. ऐसे मामलों में किसी भी कार्रवाई का आधार सिर्फ सरकारी आदेश नहीं, बल्कि अदालत की राय और राज्य सरकार की रिपोर्ट भी होगी.

बाघा बॉर्डर पहले ही बंद किया जा चुका है और केंद्र सरकार पहलगाम हिंसा को बेहद गंभीरता से ले रही है. आने वाले दिनों में सीमा हैदर के भविष्य को लेकर तस्वीर और स्पष्ट हो सकती है. फिलहाल, देश में सुरक्षा और कानून व्यवस्था के मद्देनज़र हर कदम फूंक-फूंक कर रखा जा रहा है.

यह भी पढ़े: पाकिस्तान में होगा 'मौत का तांडव'! खौफ खाए पूर्व मंत्री ने दे दी गीदड़भभकी; भारत के एक्शन से थर्रा रहे