Hardoi School Gas Leak: उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले के संडीला स्थित लायंस पब्लिक स्कूल में गैस रिसाव की वजह से 16 बच्चे बीमार हो गए और उनमें से कुछ बेहोश हो गए. घटना से स्कूल में अफरा-तफरी मच गई और प्रशासन को तुरंत सूचना दी गई. सभी प्रभावित बच्चों को तुरंत इलाज के लिए निजी अस्पतालों में भेजा गया, जिनमें से एक बच्चे को गंभीर हालत में लखनऊ के अस्पताल भेजा गया. इस घटना का संज्ञान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी लिया और अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए.
गैस की गंध फैलते ही मच गई अफरातफरी
घटना उस वक्त घटी जब स्कूल में तेज गैस की गंध फैलने लगी. इसके बाद बच्चे घबराकर स्कूल के अंदर से बाहर भागने लगे. शिक्षकों ने तुरंत बच्चों को सुरक्षित स्थान पर बाहर निकाल लिया और प्रशासन को सूचित किया. घटना की सूचना मिलते ही संडीला के एसडीएम, सीएचसी अधीक्षक, फायर ब्रिगेड और पुलिस मौके पर पहुंचे और डॉक्टरों ने तुरंत प्राथमिक इलाज शुरू किया.
बीमार बच्चों को अस्पताल में भर्ती किया गया
गैस लीक होने से बीमार हुए बच्चों को उपचार के लिए दो निजी अस्पतालों में भर्ती किया गया. प्रभावित बच्चों में यशी गुप्ता, तान्या, दीपाली, लायबा, आराध्या, अनुष्का, इल्मा, निहालिका, स्तुति गुप्ता, संस्कृति गुप्ता, प्राची, वर्णिका और अंजनी शामिल हैं. गंभीर हालत में एक बच्चे को उच्च इलाज के लिए लखनऊ रेफर किया गया. स्कूल प्रशासन ने तुरंत अभिभावकों को सूचित किया और सभी छात्रों को घर भेज दिया. इस दौरान स्कूल स्टाफ भी घबराया हुआ था, क्योंकि घटना अचानक घटी थी.
डीएम और एसपी ने लिया मौके पर जायजा
जैसे ही घटना की सूचना मिली, जिलाधिकारी अनुनय झा और एसपी अशोक कुमार मीणा मौके पर पहुंचे और अस्पताल में भर्ती बच्चों का हाल जाना. साथ ही उन्होंने घटना स्थल का भी निरीक्षण किया. डीएम ने बताया कि सभी बच्चों की हालत स्थिर है, हालांकि एक बच्ची को लखनऊ के केजीएमयू रेफर किया गया है. उन्होंने यह भी कहा कि स्कूल प्रशासन और पुलिस की कार्रवाई से बच्चों को तत्काल सहायता मिली. अब इस मामले की जांच की जा रही है और आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी.
सर्वे और जांच जारी, प्रशासन ने लिया सख्त कदम
इस गंभीर घटना के बाद अधिकारियों ने स्कूल के आसपास के इलाके का भी निरीक्षण किया और मामले की जांच शुरू कर दी है. एसडीएम संडीला और पुलिस प्रशासन ने घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और सुरक्षा उपायों को लागू किया. एहतियातन, अस्पताल परिसर में मीडिया और आम जनता को प्रवेश से रोका गया ताकि स्थिति पर अधिक नियंत्रण रखा जा सके.
सीएम ने लिया संज्ञान, जांच का आदेश
इस हादसे को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी मामले का संज्ञान लिया और अधिकारियों से आवश्यक निर्देश दिए हैं. उन्होंने यह सुनिश्चित करने की बात की है कि इस तरह की घटना भविष्य में न हो, और सभी बच्चों की सुरक्षित देखभाल सुनिश्चित की जाए. अधिकारियों ने जल्द ही मामले की पूरी जांच करने का आश्वासन दिया है.
ये भी पढ़ें: दूसरी शादी कर रहा था शख्स, अचानक पहुंची पहली पत्नी ने जमकर किया हंगामा, हुआ हाई वोल्टेज ड्रामा