Pakistan Lockdown: पाकिस्तान में बढ़ते तेल संकट को देखते हुए सरकार ने सख्त कदम उठाने का फैसला किया है. प्रस्ताव के अनुसार, अब हर हफ्ते शनिवार और रविवार को देशभर में स्मार्ट लॉकडाउन लागू किया जाएगा. यह नियम 4 और 5 अप्रैल 2026 से शुरू होगा.
लॉकडाउन शनिवार रात 12:01 बजे से शुरू होकर रविवार रात 11:59 बजे तक जारी रहेगा. इस दौरान बाजार, दुकानें, फैक्ट्रियां और अधिकतर कामकाज पूरी तरह बंद रहेंगे. सर्विस सेक्टर पर भी इसका असर पड़ेगा और किसी भी तरह के सार्वजनिक या व्यावसायिक समारोह की अनुमति नहीं होगी.
जरूरी सेवाओं को मिलेगी छूट
हालांकि आम गतिविधियों पर रोक रहेगी, लेकिन जरूरी सेवाओं को जारी रखा जाएगा. अस्पताल, दवा की दुकानें और सरकारी सेवाएं खुली रहेंगी. इसके अलावा एयरपोर्ट, बंदरगाह और रेलवे स्टेशन भी काम करते रहेंगे ताकि जरूरी यात्रा प्रभावित न हो.
सरकार ने यह भी तय किया है कि लॉकडाउन के दौरान शहरों के बीच सड़कें, हाईवे और मोटरवे बंद रहेंगे. निजी वाहनों की आवाजाही पर रोक होगी, लेकिन पब्लिक बसों को छूट दी गई है ताकि लोगों की जरूरी आवाजाही बनी रहे.
NOTIFICATION
— Muhammad Ashfaq (@ashfaqsasrana) March 29, 2026
No. 7-2/2026-Min.I.— In continuation of Cabinet Division’s notifications of even number dated 9th and 14th March, 2026, the Prime Minister, in view of the continuing Gulf oil crisis, has been pleased to direct the enforcement of the following measures in addition to… pic.twitter.com/fJ7h19xAQr
सरकार का फोकस संसाधनों की बचत पर
सरकार ने प्रांतीय प्रशासन को निर्देश दिया है कि दोपहिया और तिपहिया वाहनों का रजिस्ट्रेशन तेजी से किया जाए. इसका मकसद यह है कि जरूरतमंद लोगों तक सीधे सब्सिडी पहुंचाई जा सके. सरकार का कहना है कि ये कदम देश में ईंधन की खपत कम करने और जरूरी संसाधनों को बचाने के लिए उठाए जा रहे हैं.
PIA पर बढ़ा आर्थिक दबाव
तेल की कीमतों में तेजी का असर पाकिस्तान इंटरनेशनल एयरलाइंस (PIA) पर भी साफ दिखाई दे रहा है. PIA कंसोर्टियम के चेयरमैन आरिफ हबीब ने चेतावनी दी है कि अगर जेट फ्यूल की कीमतें इसी तरह बढ़ती रहीं, तो एयरलाइन को बंद करना पड़ सकता है.
हाल के दिनों में जेट फ्यूल (JP-1) की कीमत में बड़ा उछाल आया है. 21 मार्च को जहां इसकी कीमत 388 रुपये प्रति लीटर थी, वहीं अब यह बढ़कर 472 रुपये प्रति लीटर हो गई है. यानी कुछ ही दिनों में करीब 84 रुपये या 21% से ज्यादा की बढ़ोतरी हुई है.
वैश्विक संकट का असर
बताया जा रहा है कि 1 मार्च से अब तक जेट फ्यूल की कीमत लगभग 150% तक बढ़ चुकी है. इसके पीछे अमेरिका और ईरान के बीच चल रहा युद्ध एक बड़ी वजह माना जा रहा है, जिससे वैश्विक सप्लाई प्रभावित हुई है. इस स्थिति ने पाकिस्तान की अर्थव्यवस्था पर दबाव बढ़ा दिया है और सरकार को अब सख्त फैसले लेने पड़ रहे हैं, ताकि हालात को संभाला जा सके.
ये भी पढ़ें- विजय वर्मा के जन्मदिन पर प्राइम वीडियो का बड़ा सरप्राइज़, इस तारीख को रिलीज होगी पावर की कहानी 'मटका किंग'