Matka King Release: प्राइम वीडियो, जो इंडिया का सबसे पसंदीदा एंटरटेनमेंट डेस्टिनेशन है, उसने आज विजय वर्मा के बर्थडे पर उनकी आने वाली ओरिजिनल ड्रामा सीरीज 'मटका किंग' की वर्ल्डवाइड प्रीमियर डेट 17 अप्रैल अनाउंस कर दी है. अभय कोरन्ने की लिखी और नागराज पोपटराव मंजुले की बनाई और डायरेक्ट की गई ये सीरीज 1960 के दशक के बदलते बॉम्बे पर बेस्ड है. ये कहानी एक कॉटन ट्रेडर के इर्द-गिर्द घूमती है जो 'मटका' नाम का एक नया जुआ सिस्टम शुरू करता है और अमीरों के इस शौक को पूरे देश में फैला देता है.
इसे सिद्धार्थ रॉय कपूर, नागराज पोपटराव मंजुले, गार्गी कुलकर्णी, अश्विनी सिदवानी और आशीष आर्यन ने 'रॉय कपूर फिल्म्स', 'आटपाट' और 'SMR प्रोडक्शंस' के बैनर तले प्रोड्यूस किया है. 'मटका किंग' में विजय वर्मा, कृतिका कामरा, सई ताम्हणकर, सिद्धार्थ जाधव, भूपेंद्र जादावत और गुलशन ग्रोवर लीड रोल्स में हैं. इनके साथ ही विनीत कुमार सिंह, भरत जाधव, गिरीश कुलकर्णी, जेमी लीवर, किशोर कदम, साइरस साहूकार, अर्पिता सेठिया, संभाजी तांगड़े, इश्तियाक खान, संजीव जोटांगिया और सिमरन अश्विनी भी अहम किरदारों में नजर आएंगे. ये सीरीज 17 अप्रैल को भारत और दुनिया के 240 से ज्यादा देशों में सिर्फ प्राइम वीडियो पर स्ट्रीम होगी.
'मटका किंग' की कहानी ब्रिज भट्टी के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसका किरदार विजय वर्मा ने निभाया है. वह 1960 के दशक के बदलते बॉम्बे में अपनी पहचान और इज्जत बनाने की कोशिश में जुटा एक तेज दिमाग और मेहनती कॉटन ट्रेडर है. भीड़भाड़ वाले बाजारों, चॉलों और बदलती पावर डायनेमिक्स के बीच सेट यह कहानी एक महत्वाकांक्षी आइडिया से शुरू होती है, जो धीरे-धीरे अपनी एक अलग पहचान बना लेता है और समाज के हर तबके के लोगों को अपनी ओर खींचने लगता है. जैसे-जैसे उम्मीदें और दांव बढ़ते जाते हैं, यह सीरीज महत्वाकांक्षा, ताकत और अपनी जगह बनाने की एक रोमांचक कहानी के रूप में सामने आती है.
प्राइम वीडियो इंडिया के ओरिजिनल्स हेड और डायरेक्टर निखिल मधोक ने कहा, "मटका किंग एक ऐसे आदमी की दिलचस्प कहानी है जो बदलते वक्त के साथ हर मुश्किल से लड़कर कामयाब होने की कोशिश करता है, और इसे इस तरह से पेश किया गया है कि दर्शक हैरान रह जाएंगे. ब्रिज भट्टी का 'मटका किंग' बनने का सफर जितना शानदार है, उतना ही एक सबक भी देता है. हम रॉय कपूर फिल्म्स, आटपाट और SMR प्रोडक्शंस के साथ मिलकर इस बोल्ड कहानी को 17 अप्रैल को दुनियाभर के दर्शकों तक पहुँचाने के लिए बहुत एक्साइटेड हैं."
'मटका किंग' के को-प्रोड्यूसर सिद्धार्थ रॉय कपूर ने बताया, "हमें इस सीरीज की ओर जिस चीज ने सबसे ज्यादा खींचा, वो था इसका बड़े स्तर पर बनाया गया अनोखा वर्ल्ड और एक ऐसे इंसान की कहानी, जो तेजी से बदलते समाज में अपनी महत्वाकांक्षा, पहचान और सम्मान के लिए संघर्ष करता है. हालांकि यह कहानी एक खास समय और जगह की है, लेकिन इंसानी सपनों और फैसलों की जो इसमें झलक दिखती है, उससे हर कोई खुद को जोड़ पाएगा. नागराज पोपटराव मंजुले के साथ काम करना काफी सुखद रहा, जिनके काम का मैं हमेशा से कायल रहा हूँ. साथ ही, टैलेंटेड अभय कोरन्ने, जिनके साथ हमने पहले भी सफल काम किया है, उन्होंने कहानी कहने के तरीके में एक अलग क्रिएटिव विजन और सच्चाई भरी है. विजय वर्मा, कृतिका कामरा और गुलशन ग्रोवर जैसे शानदार कलाकारों ने इस सीरीज में जान फूँक दी है. हम इस बड़े प्रोजेक्ट के लिए प्राइम वीडियो के साथ अपनी पार्टनरशिप को और मजबूत करके बहुत खुश हैं और 17 अप्रैल से 'मटका किंग' को दर्शकों के सामने लाने का इंतजार कर रहे हैं."