Droupadi Murmu Speech: 80वें स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने देश को संबोधित किया. उन्होंने सभी देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी और कहा कि कुछ ही घंटों में देश की आजादी के 80वें वर्ष की शुरुआत होगी.
राष्ट्रपति ने कहा कि जब देश आजाद हुआ था, तब सबसे बड़ी चुनौतियों में से एक देश को एकजुट करना था. सरदार वल्लभभाई पटेल ने देश की एकता को मजबूत करने में बड़ी भूमिका निभाई और उन्हें एकता का शिल्पकार कहा जाता है. उन्होंने कहा कि आज भारत आधुनिक और मजबूत राष्ट्र बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है. हमारे छात्र देश के भविष्य के निर्माता हैं.
ऑपरेशन सिंदूर का भी किया जिक्र
राष्ट्रपति मुर्मू ने अपने संबोधन में ऑपरेशन सिंदूर और भारतीय सशस्त्र बलों के साहस का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर ने यह दिखाया कि भारतीय सेना आतंकवादी नेटवर्क के खिलाफ सटीक कार्रवाई करने में पूरी तरह सक्षम है.
उन्होंने कहा कि आतंकवाद को समर्थन देने वाले देश के साथ सिंधु जल संधि को निलंबित करना राष्ट्रीय हित में उठाया गया निर्णायक कदम है. इसका महत्व खास तौर पर देश के किसानों के लिए भी है.
LIVE: President Droupadi Murmu's address to the nation on the eve of the 80th Independence Day https://t.co/0EZ6TLdoM9
— President of India (@rashtrapatibhvn) August 14, 2026
आतंकवादियों को दी कड़ी चेतावनी
राष्ट्रपति ने आतंकवाद को लेकर साफ संदेश दिया. उन्होंने कहा कि आतंकवादी और उनका साथ देने वाले लोग दुनिया के किसी भी हिस्से में छिप जाएं, उन्हें अपने किए की सजा भुगतनी होगी.
उन्होंने देश को नक्सलवाद से मुक्त करने की दिशा में हुई प्रगति को भी बड़ी राष्ट्रीय उपलब्धि बताया. राष्ट्रपति ने बस्तर में तेजी से हो रहे विकास और वहां की सांस्कृतिक गतिविधियों में बढ़ रही भागीदारी का जिक्र किया.
अर्थव्यवस्था पर भी रखी बात
राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा कि दुनिया में जारी अस्थिरता के बावजूद भारतीय अर्थव्यवस्था तेजी से आगे बढ़ रही है. देश की आर्थिक विकास दर वैश्विक औसत से दोगुनी से भी ज्यादा रहने का अनुमान है.
उन्होंने पिछले कुछ वर्षों में हुए समावेशी विकास का भी जिक्र किया. राष्ट्रपति के मुताबिक, पिछले एक दशक में 25 करोड़ से ज्यादा लोग गरीबी से बाहर आए हैं. वहीं, मुफ्त राशन योजना के जरिए 80 करोड़ से ज्यादा लोगों की खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित की जा रही है.
डिजिटल क्षेत्र में भारत की बड़ी उपलब्धि
राष्ट्रपति ने भारत की डिजिटल ताकत का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि दुनिया में होने वाले कुल रियल-टाइम डिजिटल लेनदेन में आधे से ज्यादा लेनदेन भारत में होते हैं. यह देश की बढ़ती डिजिटल क्षमता को दिखाता है. उन्होंने कहा कि भारत ने तकनीक और डिजिटल व्यवस्था का इस्तेमाल आम लोगों तक सुविधाएं पहुंचाने के लिए किया है.
जवानों और विदेशों में देश का नाम रोशन करने वालों की सराहना
राष्ट्रपति मुर्मू ने तीनों सेनाओं, सशस्त्र पुलिस बलों और पुलिसकर्मियों की कर्तव्यनिष्ठा की सराहना की. उन्होंने कहा कि देश की सुरक्षा में लगे जवान लगातार अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं.
इसके साथ ही राष्ट्रपति ने उन भारतीयों की भी तारीफ की, जो दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में देश का नाम और सम्मान बढ़ा रहे हैं. उन्होंने विदेशों में भारतीय दूतावासों में काम करने वाले कर्मचारियों और अधिकारियों के योगदान की भी सराहना की.
ये भी पढ़ें- वीरता-सेवा पदकों का ऐलान, पैरामिलिट्री फोर्स में CRPF का दबदबा, मिले 86 सम्मान