गायों को दिया चारा, मोरों को डाला दाना... लाल किले जाने से पहले PM मोदी ने खिलाया दोस्तों को खाना, देखें VIDEO

PM Modi Video: लाल किले पर ध्वजारोहण के लिए रवाना होने से पहले पीएम मोदी ने 7 लोक कल्याण मार्ग स्थित आवास पर गायों को चारा और मोरों को दाना खिलाया.

pm-modi-feeds-cows-peacocks-before-independence-day-ceremony
Image Source: Internet

PM Modi Video: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जानवरों के प्रति लगाव एक बार फिर सामने आया है. पीएम मोदी ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो साझा किया है, जिसमें वह अपने आवास पर गायों को चारा खिलाते और मोरों को दाना डालते नजर आ रहे हैं. वीडियो में प्रधानमंत्री का यह सहज और शांत अंदाज लोगों का ध्यान खींच रहा है.

यह वीडियो 15 अगस्त को लाल किले पर स्वतंत्रता दिवस समारोह के लिए रवाना होने से पहले का बताया जा रहा है. प्रधानमंत्री ने वीडियो के साथ लिखा कि इन ‘दोस्तों’ को खाना खिलाना अब उनकी रोजमर्रा की दिनचर्या का हिस्सा बन गया है. उन्होंने बताया कि उन्हें अंदाजा हो गया था कि प्रधानमंत्री सुबह जल्दी निकलने वाले हैं, इसलिए वे लाल किले जाने से पहले ही उनके पास पहुंच गए.

लाल किले जाने से पहले जानवरों को खिलाया खाना

वीडियो की शुरुआत में पीएम मोदी गायों को चारा खिलाते दिखाई देते हैं. इसके बाद वह दो मोरों को दाना खिलाते हैं. प्रधानमंत्री का यह वीडियो उनके आधिकारिक आवास 7 लोक कल्याण मार्ग का है. वीडियो में पीएम मोदी बेहद सहज अंदाज में गायों और मोरों के साथ समय बिताते नजर आ रहे हैं. स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रम के लिए निकलने से पहले का यह पल प्रधानमंत्री की दिनचर्या का एक अलग पक्ष दिखाता है.

पीएम मोदी पहले भी शेयर कर चुके हैं ऐसे वीडियो

जानवरों के साथ पीएम मोदी की तस्वीरें और वीडियो पहले भी सामने आते रहे हैं. प्रधानमंत्री कई मौकों पर गायों को चारा खिलाते और मोरों को दाना डालते दिखाई दिए हैं. खास तौर पर मोरों के साथ उनके वीडियो सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान आकर्षित करते रहे हैं. साल 2020 में भी पीएम मोदी का मोर को दाना खिलाते हुए एक वीडियो सामने आया था, जिसे सोशल मीडिया पर काफी पसंद किया गया था. अब एक बार फिर मोरों को दाना खिलाते हुए उनका वीडियो लोगों के बीच चर्चा में है.

पुंगनूर नस्ल की गायों से है खास लगाव

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आवास पर पुंगनूर नस्ल की गायें भी हैं. पुंगनूर आंध्र प्रदेश के चित्तूर जिले से जुड़ी एक प्राचीन नस्ल है और इसे दुनिया की सबसे छोटी मवेशी नस्लों में गिना जाता है. पीएम मोदी कई बार इन गायों के साथ समय बिताते हुए नजर आए हैं. मकर संक्रांति के अवसर पर भी उन्होंने पुंगनूर गायों को चारा खिलाते हुए वीडियो साझा किया था. इस दौरान उनकी इन गायों के प्रति विशेष लगाव की झलक देखने को मिली थी.

‘दीपज्योति’ के जन्म की भी दी थी जानकारी

कुछ समय पहले प्रधानमंत्री मोदी ने अपने आवास पर पुंगनूर नस्ल की गाय के एक बछड़े के जन्म की जानकारी भी साझा की थी. उन्होंने इस बछड़े का नाम ‘दीपज्योति’ रखा था. पीएम मोदी ने तब बछड़े के साथ अपनी तस्वीरें और वीडियो साझा किए थे. इसके बाद ‘दीपज्योति’ भी सोशल मीडिया पर लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गई थी.

ये भी पढ़ें- ‘उनके विचारों ने पीढ़ियों को प्रेरित किया...’,अटल बिहारी वाजपेयी की 8वीं पुण्यतिथि पर PM मोदी ने किया नमन