Gallantry Medals: 15 अगस्त 2026 को देश आजादी के 80 साल पूरे कर रहा है. स्वतंत्रता दिवस के मौके पर केंद्रीय अर्धसैनिक बलों के जवानों को उनकी बहादुरी और सेवा के लिए सम्मानित किया गया है. इस बार सबसे ज्यादा 86 वीरता और सेवा पदक केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल यानी CRPF को मिले हैं.
गृह मंत्रालय ने शुक्रवार को इससे जुड़ी अधिसूचना जारी की. अधिसूचना के अनुसार, CRPF को 24 वीरता पदक दिए गए हैं. इसके अलावा पांच राष्ट्रपति पदक विशिष्ट सेवा के लिए और 57 पदक सराहनीय सेवा के लिए दिए गए हैं.
जम्मू-कश्मीर और मणिपुर में ऑपरेशन का मिला सम्मान
अधिकारियों के मुताबिक, CRPF के वीरता पदक जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद के खिलाफ चलाए गए दो अभियानों और मणिपुर में विद्रोहियों के खिलाफ चलाए गए एक अभियान के लिए दिए गए हैं. ये अभियान साल 2024 में हुए थे. अधिकारियों ने बताया कि CRPF को रक्षा मंत्रालय की ओर से दिए जाने वाले कुछ अन्य वीरता पदक भी मिलने की उम्मीद है.
डीआईजी एम. धिनकरन को राष्ट्रपति पदक
CRPF के उप महानिरीक्षक एम. धिनकरन को विशिष्ट सेवा के लिए राष्ट्रपति पदक से सम्मानित किया गया है. धिनकरन पहले विशेष सुरक्षा दल यानी एसपीजी में भी सेवा दे चुके हैं. फिलहाल वह चेन्नई के अवाडी स्थित CRPF भर्ती प्रशिक्षण केंद्र के प्रमुख हैं. एम. धिनकरन ने तीन दशकों से ज्यादा समय तक अर्धसैनिक बल में सेवा की है.
इस दौरान उन्होंने नक्सल विरोधी अभियानों में कई यूनिट की कमान संभाली. इसके अलावा उन्होंने CRPF के खुफिया और वीआईपी सुरक्षा विभाग की जिम्मेदारी भी संभाली है.एक आधिकारिक बयान में कहा गया कि उन्हें लंबे समय तक की गई बेहतरीन सेवा, ईमानदारी, समर्पण और अच्छे पेशेवर काम के लिए राष्ट्रपति पदक दिया गया है.
करीब 3.25 लाख जवानों वाला बड़ा सुरक्षा बल
CRPF में करीब 3.25 लाख जवान हैं और यह देश का प्रमुख आंतरिक सुरक्षा बल है. इसकी तैनाती मुख्य रूप से नक्सल प्रभावित इलाकों, जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद के खिलाफ अभियान और पूर्वोत्तर राज्यों में उग्रवाद विरोधी अभियानों में होती है.
इसके अलावा सीमा सुरक्षा बल यानी BSF को भी वीरता और सेवा के लिए सम्मान मिला है. BSF को एक वीरता पदक के साथ 47 सेवा पदक दिए गए हैं. वहीं अन्य केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों को भी कुल 20 पदकों से सम्मानित किया गया है.
ये भी पढ़ें- 15 अगस्त से पहले दिल्ली में बम धमाके की धमकी, हाई कोर्ट समेत 6 जगहों पर हड़कंप, जांच में जुटी पुलिस