Arunachal Pradesh Landslide: अरुणाचल प्रदेश में भारी बारिश के कारण बाढ़ और लैंडस्लाइड ने काफी नुकसान पहुंचाया है. राज्य के दो अलग-अलग जिलों में हुई घटनाओं में अब तक चार लोगों की मौत हो गई है, जबकि सेना के पांच जवान अभी भी लापता हैं. दोनों घटनाएं शुक्रवार शाम की बताई जा रही हैं.
अधिकारियों ने शनिवार, 15 अगस्त को बताया कि दिबांग वैली जिले में अचानक आई बाढ़ की वजह से सेना के दो शेल्टर बह गए. इस दौरान सात जवान पानी की तेज धार में बह गए थे. इनमें से दो जवानों को सुरक्षित बचा लिया गया, लेकिन पांच जवानों का अभी तक पता नहीं चल पाया है.
अपर सुबनसिरी में लैंडस्लाइड से चार की मौत
अपर सुबनसिरी जिले में सड़क निर्माण के काम के दौरान बड़ा लैंडस्लाइड हुआ. अचानक पहाड़ का मलबा नीचे आ गया और वहां काम कर रहे कई लोग इसकी चपेट में आ गए. इस हादसे में चार लोगों की मौत की जानकारी सामने आई है. मृतकों की पहचान टाडू बाकी, ताजी राय, मार्कोश बसुमतारी और बाबुल अली के रूप में हुई है.
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी के मुताबिक, बाबुल अली का शव बरामद कर लिया गया है. बाकी लोगों की तलाश के लिए बचाव अभियान जारी है. हादसे के बाद नाचो पुलिस स्टेशन के जवानों को मौके पर भेजा गया है.
डपोरिजो से फायर और इमरजेंसी सर्विस की टीम को भी घटनास्थल पर भेजा जा रहा है. इसके अलावा स्टेट डिजास्टर रिस्पॉन्स फोर्स यानी SDRF की टीम भी राहत और बचाव अभियान में शामिल होगी.
Army personnel missing, several feared dead in landslide amid Arunachal Pradesh flash floods: PRO Defence Tezpur
— ANI Digital (@ani_digital) August 15, 2026
Read @ANI Story | https://t.co/0Y50Ldassn#Landslide #FlashFloods #Tezpur #ArunachalPradesh pic.twitter.com/n6u1EXOgm3
बाढ़ में सेना के दो शेल्टर बहे
दूसरी घटना दिबांग वैली जिले की है. यहां शुक्रवार शाम भारी बारिश के बाद अचानक बाढ़ आ गई. तेज पानी की वजह से पाशु पानी आर्मी कैंप में 5वीं ग्रेनेडियर के दो शेल्टर बह गए.
बाढ़ की चपेट में आने से सेना के सात जवान बह गए थे. इनमें से दो जवानों को बचा लिया गया है, लेकिन पांच जवान अभी लापता हैं. लापता जवानों में हवलदार उपेंद्र के अलावा कुंदन, विनोद, आदित्य और समुंडा शामिल हैं. सेना की ओर से इनकी तलाश के लिए अभियान तेज कर दिया गया है.
कई टीमें तलाश में जुटीं
लापता जवानों को खोजने के लिए सेना की 5वीं ग्रेनेडियर की दो खोज और बचाव टीमें मौके पर तैनात हैं. इसके साथ ही ITBP की 58वीं बटालियन, जनरल रिजर्व इंजीनियर फोर्स की 62 RCC और अरुणाचल प्रदेश पुलिस की टीमें भी अभियान में लगी हुई हैं.
स्थानीय लोग और स्वयंसेवक भी बचाव कार्य में मदद कर रहे हैं. पासीघाट से SDRF की एक टीम को भी घटनास्थल पर भेजा गया है. लगातार बारिश और खराब मौसम के बीच बचाव टीमों के सामने चुनौती बनी हुई है. इसके बावजूद लापता जवानों और लैंडस्लाइड में दबे लोगों की तलाश लगातार जारी है.
ये भी पढ़ें- स्वतंत्रता दिवस पर CM थलपति विजय का बड़ा ऐलान, नवजात बच्चों को मिलेगी सोने की अंगूठी