New Rules 1st August 2026: जुलाई का महीना खत्म होने वाला है और 1 अगस्त 2026 से कई नए नियम लागू होने जा रहे हैं. इनका असर आम लोगों के खर्च, बैंकिंग, टैक्स और रोजमर्रा की कई जरूरी सेवाओं पर पड़ सकता है. हर महीने की तरह इस बार भी एलपीजी सिलेंडर, रेलवे टिकट, इनकम टैक्स, बैंकिंग और आधार से जुड़े कुछ बदलाव देखने को मिल सकते हैं.
आइए जानते हैं 1 अगस्त से क्या-क्या बदलने वाला है.
रेलवे टिकट बुकिंग का नियम बदलेगा
1 अगस्त से तत्काल टिकट बुकिंग के नियम में बदलाव होगा. अब रेलवे रिजर्वेशन काउंटर पर टोकन उसी समय मिलेगा, जब तत्काल टिकट की बुकिंग शुरू होगी. इससे यात्रियों को बार-बार काउंटर के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे और टिकट बुकिंग पहले से आसान हो जाएगी.
ITR भरने वालों को देना पड़ सकता है जुर्माना
वित्त वर्ष 2026-27 के लिए ITR-1 और ITR-2 भरने की आखिरी तारीख 31 जुलाई 2026 थी. अगर किसी ने तय समय तक रिटर्न दाखिल नहीं किया है, तो उसे जुर्माना देना पड़ सकता है. साथ ही कुछ मामलों में टैक्स से जुड़े दूसरे नियम भी लागू हो सकते हैं.
हालांकि, ITR-3 और ITR-4 दाखिल करने की अलग-अलग अंतिम तारीखें तय हैं. इसलिए संबंधित टैक्सपेयर्स को समय पर अपना रिटर्न भरने की सलाह दी गई है.
क्रेडिट कार्ड और FD के नियम बदल सकते हैं
1 अगस्त से कई बैंक अपने क्रेडिट कार्ड के नियमों में बदलाव कर सकते हैं. इसमें रिवॉर्ड पॉइंट्स, चार्ज, फीस और दूसरी सुविधाओं में बदलाव शामिल हो सकता है.
इसके अलावा कुछ बैंक फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) की ब्याज दरों में भी बदलाव कर सकते हैं. अगर रिजर्व बैंक की मौद्रिक नीति बैठक में रेपो रेट को लेकर कोई फैसला होता है, तो उसका असर लोन की ईएमआई और FD की ब्याज दरों पर भी पड़ सकता है.
LPG सिलेंडर के नए दाम होंगे जारी
हर महीने की पहली तारीख की तरह 1 अगस्त को भी तेल कंपनियां घरेलू और कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के नए दाम जारी करेंगी. अगर कीमतें बढ़ती हैं तो रसोई का बजट बढ़ सकता है, जबकि दाम घटने पर लोगों को राहत मिलेगी.
आधार और KYC से जुड़ा नया सिस्टम
1 अगस्त से बैंक, बीमा कंपनियां और एसेट मैनेजमेंट कंपनियां नया CKYC 2.0 सिस्टम लागू कर सकती हैं. इस सिस्टम के जरिए ग्राहक की सहमति मिलने पर संस्थाएं सेंट्रल रजिस्ट्री से KYC की जानकारी ले सकेंगी.
इससे बार-बार दस्तावेज जमा करने की जरूरत कम होगी, अकाउंट खोलने की प्रक्रिया आसान बनेगी और धोखाधड़ी रोकने में भी मदद मिलेगी.
पहले से जान लें नए नियम
1 अगस्त से लागू होने वाले ये बदलाव आपकी रोजमर्रा की जिंदगी और खर्च पर असर डाल सकते हैं. इसलिए रेलवे टिकट, टैक्स, बैंकिंग, LPG और KYC से जुड़े नए नियमों की जानकारी पहले से रखना आपके लिए फायदेमंद रहेगा.
ये भी पढ़ें- अमेरिका में भीषण गर्मी का कहर, 4 करोड़ लोग लू की चपेट में; कई राज्यों में हाई अलर्ट, टूटा रिकॉर्ड!