बांग्लादेश के पूर्व मुख्य निर्वाचन आयुक्त को जूतों से पीटा, बीच सड़क पर क्यों उग्र हुई भीड़? हसीना से कनेक्शन

हुदा को पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया की बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) द्वारा उनके खिलाफ दर्ज मामले के सिलसिले में गिरफ्तार किया गया है.

Former Chief Election Commissioner of Bangladesh Sheikh Hasina
शेख हसीना | Photo: ANI

बांग्लादेश की राजनीति में एक बार फिर उथल-पुथल मची है, जहां देश के पूर्व मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) एम नूरुल हुदा को चुनावों में धांधली के आरोप में गिरफ्तार किया गया है. पुलिस के अनुसार, हुदा को पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया की बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) द्वारा उनके खिलाफ दर्ज मामले के सिलसिले में गिरफ्तार किया गया है. इस मामले में पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना सहित 18 अन्य नामजद हैं.

हुदा के घर के बाहर भारी तनाव

'डेली स्टार' अखबार की रिपोर्ट के मुताबिक, यह शायद पहली बार है जब चुनाव से जुड़ी शिकायतों में किसी पूर्व सीईसी को हिरासत में लिया गया हो. हुदा ने 2014, 2018 और हाल ही में 2024 के चुनाव कराए थे, जिन पर बीएनपी ने गंभीर आरोप लगाए हैं.

दिन भर की घटनाओं में उत्तरा इलाके में हुदा के घर के बाहर भारी तनाव देखा गया. स्थानीय पुलिस के अनुसार, भीड़ ने अचानक हुदा के आवास पर हमला कर उन्हें घेर लिया. पुलिस जब पहुंची तो भीड़ ने उन्हें बाहर खींच लिया. सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में भीड़ हुदा को जूतों से मारती, उन्हें जूतों की माला पहनाती और अंडे फेंकती दिख रही है. भीड़ का गुस्सा इतना था कि पुलिस के आने के बाद भी उनकी इस हरकतों में कमी नहीं आई.

हुदा को अदालत में पेश किया जाएगा

पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेकर सुरक्षा सुनिश्चित की और रात को उन्हें जासूसी शाखा के कार्यालय में रखा गया. आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए हुदा को अदालत में पेश किया जाएगा. बीएनपी का आरोप है कि शेख हसीना की सरकार ने 2014, 2018 और 2024 के चुनावों को ‘जनादेश के बिना’ करवाया है. इस पूरे मामले ने बांग्लादेश की राजनीतिक सियासत में फिर से विवादों का तूल पकड़ लिया है.

ये भी पढ़ेंः अमेरिका-इजरायल मिलकर ईरान पर कर रहे हमला, फिर 'दोस्त' के पक्ष में खुलकर क्यों नहीं लड़ रहे पुतिन? जानिए वजह