Jinping And Donald Trump: रूस-यूक्रेन युद्ध को लेकर कूटनीतिक हलचल तेज़ हो गई है. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि वे अपने एशिया दौरे के दौरान चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग से मुलाकात करेंगे और इस दौरान दोनों नेता रूस-यूक्रेन युद्ध को खत्म करने के संभावित रास्तों पर चर्चा करेंगे.
एयर फोर्स वन में रवाना होने से पहले पत्रकारों से बातचीत करते हुए ट्रंप ने कहा, “हमने रूस पर बेहद सख्त और मजबूत प्रतिबंध लगाए हैं. मुझे विश्वास है कि इनका असर जल्द दिखेगा. लेकिन अगर चीन इसमें हमारी मदद करे, तो यह कदम और प्रभावी हो सकता है.”
चीन की भूमिका अहम
ट्रंप ने साफ कहा कि वे चाहते हैं कि चीन रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को रोकने में अमेरिका की मदद करे. उन्होंने कहा कि युद्ध अब दो साल से ज़्यादा समय से चल रहा है, और पश्चिमी देशों की पाबंदियों के बावजूद रूस की सैन्य कार्रवाइयां जारी हैं. ट्रंप ने कहा, “हम चाहते हैं कि बीजिंग इस स्थिति को स्थिर करने में जिम्मेदार भूमिका निभाए,” उनका यह बयान ऐसे समय आया है जब रूस और अमेरिका के बीच नए आर्थिक प्रतिबंधों को लेकर तनाव एक बार फिर बढ़ गया है.
ट्रंप का एशिया दौरा, कई अहम मुलाकातें तय
डोनाल्ड ट्रंप इस हफ्ते अपने एशिया दौरे पर हैं, जिसमें वे मलेशिया, जापान और दक्षिण कोरिया की यात्रा करेंगे. ट्रंप का पहला ठहराव मलेशिया में ASEAN समिट में होगा, इसके बाद वे दक्षिण कोरिया के शहर बुसान में APEC सम्मेलन में हिस्सा लेंगे. वहीं, चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ उनकी मुलाकात इस यात्रा का सबसे अहम पड़ाव मानी जा रही है.
कूटनीतिक सूत्रों के अनुसार, इस मीटिंग में न केवल रूस-यूक्रेन संघर्ष बल्कि अमेरिका-चीन व्यापारिक तनाव और इंडो-पैसिफिक क्षेत्र की सुरक्षा पर भी चर्चा हो सकती है.
ट्रंप पहले ही कह चुके हैं कि अगर चीन सहयोग करता है, तो यूक्रेन में शांति बहाली के नए रास्ते खुल सकते हैं.
“राजनयिक समझौते के करीब हैं”
इस बीच, रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के विशेष दूत किरिल दिमित्रिव ने कहा, “मॉस्को, वाशिंगटन और कीव युद्ध को खत्म करने के लिए एक राजनयिक समझौते के बेहद करीब हैं.” उनका यह बयान ऐसे समय में आया है जब अमेरिका ने रूस के तेल क्षेत्र पर नए प्रतिबंध लगाए हैं, जिससे दोनों देशों के बीच तनाव और बढ़ गया है.
यह भी पढ़ें- साइबर फ्रॉड पर लगाम लगाने के लिए सरकार ला रही नए नियम, लॉन्च होगा MNV प्लेटफॉर्म, जानें क्या बदलेगा