India Iran News: होर्मुज जलडमरूमध्य में तनाव और बढ़ गया है. यहां से गुजर रहे दो व्यापारी जहाजों पर फायरिंग की खबर सामने आई है. बताया जा रहा है कि यह फायरिंग ईरान की नेवी ने की, जिसमें एक भारतीय जहाज को भी निशाना बनाया गया.
इस घटना के बाद भारत सरकार ने सख्त रुख अपनाया है. विदेश मंत्रालय (MEA) ने ईरान के राजदूत को समन भेजकर इस हमले पर कड़ा विरोध जताया है. बताया जा रहा है कि यह घटना ओमान के पास हुई.
भारत का सख्त एक्शन
सूत्रों के मुताबिक, भारत ने इस मामले को गंभीरता से लिया है. ईरान के राजदूत मोहम्मद फथअली को विदेश मंत्रालय बुलाया गया और औपचारिक रूप से विरोध दर्ज कराया गया. घटना के तुरंत बाद वह मंत्रालय पहुंचे.
India lodged a protest with the Ambassador of Iran to India, Dr. Mohammad Fathali over the incident of firing on an Indian vessel at Strait of Hormuz. https://t.co/berBzGAtk4
— ANI (@ANI) April 18, 2026
तेल से भरे थे जहाज
जानकारी के अनुसार, इन जहाजों में करीब 20 लाख बैरल इराकी तेल लदा था. इस घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव और बढ़ गया है. पहले से ही अमेरिका और ईरान के बीच तनाव चल रहा है, ऐसे में यह मामला और संवेदनशील बन गया है.
हमले के पीछे कंफ्यूजन?
बताया जा रहा है कि यह बड़ा तेल टैंकर होर्मुज के पास से गुजर रहा था, तभी उस पर फायरिंग हुई. हालांकि अभी तक किसी बड़े नुकसान या किसी के घायल होने की खबर नहीं है.
सूत्रों का कहना है कि ईरान में इस समय युद्ध जैसी स्थिति के कारण भ्रम की स्थिति बनी हुई है. अलग-अलग सैन्य इकाइयों के बीच सही तालमेल नहीं होने की वजह से ऐसी घटनाएं हो सकती हैं. पहले भी इस तरह की गलती से फायरिंग की घटनाएं सामने आ चुकी हैं.
फिर बंद हुआ होर्मुज
इससे पहले ईरान ने ऐलान किया था कि वह होर्मुज जलडमरूमध्य पर फिर से सख्त नियंत्रण लागू कर रहा है और इसे बंद कर दिया गया है. ईरान का कहना है कि यह कदम अमेरिका की तरफ से लगाए गए दबाव और कार्रवाई के जवाब में उठाया गया है.
इस फैसले के बाद कई व्यापारिक जहाजों ने इस रास्ते से गुजरने का प्लान रोक दिया है और फिलहाल इस रूट पर आवाजाही लगभग थम गई है.
ये भी पढ़ें- होर्मुज में फिर बढ़ा तनाव! जहाजों पर गोलीबारी के बाद ईरान अलर्ट, अब हर एंट्री पर लेनी होगी मंजूरी