Buxar Wedding Firing News: बिहार के बक्सर जिले से एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां एक शादी समारोह के दौरान दुल्हन को गोली मार दी गई. यह वारदात मंगलवार रात मुफस्सिल थाना क्षेत्र के चौसा बाजार स्थित मल्लाह टोली में हुई, जहां खुशी का माहौल कुछ ही पलों में अफरा-तफरी में बदल गया.
जानकारी के मुताबिक, बारात उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के सुरेमनपुर से आई थी. शादी की रस्में चल रही थीं और दूल्हा-दुल्हन वरमाला के लिए स्टेज पर मौजूद थे. तभी अचानक एक युवक भीड़ के बीच से निकलकर मंच तक पहुंच गया. इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता, उसने दुल्हन आरती कुमारी को गोली मार दी और मौके से फरार हो गया.
बिहार: बक्सर में जयमाला के दौरान ठुकराए गए प्रेमी ने दुल्हन को गोली मार दी
— Karan Singh (@Journo_Karan) February 25, 2026
Bihar: Jilted lover shoots bride during 'Jaimala' in Buxar#Bihar #BiharNews pic.twitter.com/CoSlP7W8yK
गोली लगते ही बिगड़ी हालत
घायल दुल्हन ने बताया कि गोली उसके पेट, नाभि के पास लगी. घटना के तुरंत बाद परिजनों ने उसे सदर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने उसे वाराणसी के बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया. फिलहाल वहां उसका इलाज जारी है और उसकी स्थिति नाजुक बताई जा रही है.
प्रेम प्रसंग बना हमले की वजह
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह हमला प्रेम प्रसंग से जुड़ा हो सकता है. आरोपी युवक दीनबंधु उसी इलाके का रहने वाला बताया जा रहा है. घटना के बाद से वह फरार है. पुलिस ने जांच के दौरान उसके माता-पिता को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है.
पहले भी जेल जा चुका है आरोपी
स्थानीय लोगों के अनुसार, आरोपी पहले भी शराब से जुड़े मामले में जेल जा चुका है. इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है. रात करीब 10:30 से 11 बजे के बीच हुई इस वारदात के बाद शादी समारोह पूरी तरह से बाधित हो गया और बारात बिना शादी के वापस लौट गई.
पिता ने जताई अनभिज्ञता
आरोपी के पिता का कहना है कि उन्हें इस प्रेम संबंध के बारे में कोई जानकारी नहीं थी. उन्होंने कहा कि अगर उन्हें पहले से इस बारे में पता होता, तो वे दोनों की शादी कराने की कोशिश करते और यह घटना शायद टल सकती थी.
पुलिस हर एंगल से कर रही जांच
पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी की तलाश के लिए टीमें गठित की गई हैं. आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और घटनास्थल से जुड़े साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं. अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
ये भी पढ़ें- नेतन्याहू ने ‘Hexagon Alliance’ का किया ऐलान, पीएम मोदी के दौरे से पहले भारत को दी अहम भूमिका