Explosion In Nagpur: नागपुर के बारूद कारखाने में भीषण विस्फोट, 15 की मौत, 18 लोग घायल

महाराष्ट्र के नागपुर जिले से एक बेहद दुखद और चिंताजनक घटना सामने आई है, जहां एक बारूद बनाने वाली फैक्ट्री में जोरदार विस्फोट ने भारी तबाही मचा दी.

Explosion in Nagpur gunpowder factory many died and injured
प्रतिकात्मक तस्वीर/ FreePik

Explosion In Nagpur: महाराष्ट्र के नागपुर जिले से एक बेहद दुखद और चिंताजनक घटना सामने आई है, जहां एक बारूद बनाने वाली फैक्ट्री में जोरदार विस्फोट ने भारी तबाही मचा दी. इस हादसे में कम से कम 15 लोगों की जान चली गई, जबकि 18 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना ने पूरे इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है.

फैक्ट्री में सुबह-सुबह हुआ विस्फोट

यह हादसा नागपुर जिले की कटोल तहसील के राउलगांव स्थित SBL Energy Limited के प्लांट में हुआ. यह कंपनी खनन और औद्योगिक कार्यों में इस्तेमाल होने वाले विस्फोटक तैयार करती है. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घटना सुबह करीब 6 से 7 बजे के बीच हुई, जब मजदूर अपनी ड्यूटी पर पहुंचे ही थे.

बताया जा रहा है कि विस्फोटक निर्माण की प्रक्रिया के दौरान अचानक जोरदार धमाका हुआ. धमाका इतना शक्तिशाली था कि उसकी आवाज दूर-दराज के इलाकों तक सुनाई दी और आसपास के लोग घबराकर अपने घरों से बाहर निकल आए.

आग और धुएं से बिगड़ी स्थिति

विस्फोट के तुरंत बाद फैक्ट्री परिसर में भीषण आग लग गई, जिसने स्थिति को और गंभीर बना दिया. घना धुआं पूरे क्षेत्र में फैल गया, जिससे बचाव कार्य में भी मुश्किलें आईं. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, धमाके के बाद फैक्ट्री के कुछ हिस्से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए.

मजदूरों के फंसे होने की आशंका

हादसे के समय उस यूनिट में करीब 25 से 30 मजदूर मौजूद थे. विस्फोट के बाद कई मजदूर बाहर निकलने में सफल रहे, लेकिन आशंका जताई जा रही है कि कुछ लोग अभी भी मलबे के नीचे या फैक्ट्री के अंदर फंसे हो सकते हैं.

राहत और बचाव कार्य जारी

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड और प्रशासनिक टीमें मौके पर पहुंच गईं. घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है. कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है.

नागपुर ग्रामीण के पुलिस अधीक्षक हर्ष पोद्दार ने इस हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है और राहत कार्य तेजी से चलाया जा रहा है.

ये भी पढ़ें- इनकम टैक्स, LPG से लेकर FASTag तक... आज से बदल गए कई बड़े नियम, जेब पर कितना होगा असर?