'दिल्ली की हर पात्र महिला को मिलेगा लाभ...' लक्ष्मी योजना को लेकर सीएम रेखा गुप्ता का ऐलान, साफ की नीति

दिल्ली विधानसभा के मानसून सत्र में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने महिलाओं और बेटियों के लिए सरकार की योजनाओं को लेकर अपनी बात रखी.

Every eligible woman in Delhi will get benefit CM Rekha Gupta on Lakshmi Yojana
Image Source: ANI

Delhi Lakshmi Yojana: दिल्ली विधानसभा के मानसून सत्र में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने महिलाओं और बेटियों के लिए सरकार की योजनाओं को लेकर अपनी बात रखी. उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार का लक्ष्य हर बेटी को पढ़ाई, स्वास्थ्य, सुरक्षा और सम्मान के साथ आगे बढ़ने का मौका देना है.

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की योजनाओं का मकसद महिलाओं और बेटियों को आत्मनिर्भर बनाना है, ताकि वे अपने सपनों को पूरा कर सकें. उन्होंने कहा कि जब कोई बेटी विज्ञान की पढ़ाई करती है, इंजीनियर बनती है, अपना कारोबार शुरू करती है या परिवार में पहली बार कोई बड़ी उपलब्धि हासिल करती है, तो यह पूरे परिवार के लिए गर्व की बात होती है.

हर पात्र महिला को मिलेगा योजना का लाभ

दिल्ली लक्ष्मी योजना को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी महिला को सिर्फ बच्चे को जन्म देने तक सीमित नजरिए से नहीं देखा जा सकता. महिलाओं का स्वास्थ्य और सम्मान सरकार की प्राथमिकता है. इसी वजह से योजना में तीन बच्चों से जुड़ी पात्रता की शर्त रखी गई है.

रेखा गुप्ता ने साफ किया कि यह नियम किसी धर्म, जाति या वर्ग को ध्यान में रखकर नहीं बनाया गया है. यह सभी पात्र महिलाओं पर एक समान लागू होगा. उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य महिलाओं के हितों की रक्षा करना है और किसी भी पात्र महिला के साथ भेदभाव नहीं किया जाएगा.

डिजिटल माध्यम से मिलेगी सहायता

मुख्यमंत्री ने योजना के तहत डिजिटल माध्यम से मिलने वाली आर्थिक सहायता का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि दिल्ली की महिलाएं डिजिटल तकनीक का इस्तेमाल करने में सक्षम हैं और डिजिटल भुगतान आज आम जीवन का हिस्सा बन चुका है.

उन्होंने कहा कि केंद्र और दिल्ली सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का फायदा हर पात्र महिला तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है. रेखा गुप्ता ने भरोसा दिलाया कि कोई भी पात्र महिला किसी योजना के लाभ से वंचित नहीं रहेगी.

महिलाओं के लिए कई योजनाएं चला रही सरकार

मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार की ओर से महिलाओं को आगे बढ़ाने के लिए कई योजनाएं चलाई जा रही हैं. इनमें उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, सुकन्या समृद्धि योजना, लखपति दीदी, ड्रोन दीदी और प्रधानमंत्री आवास योजना शामिल हैं.

उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार भी महिलाओं और बेटियों के लिए कई योजनाओं पर काम कर रही है. इनमें दिल्ली लक्ष्मी योजना, पिंक कार्ड, अन्नमोल योजना, पात्र महिलाओं को मुफ्त एलपीजी सिलेंडर और छात्राओं के लिए विद्या वाहिनी योजना शामिल हैं.

छात्राओं की पढ़ाई पर भी जोर

रेखा गुप्ता ने कहा कि विद्या वाहिनी योजना का उद्देश्य छात्राओं को पढ़ाई के लिए प्रोत्साहित करना है. इसके तहत छात्राओं को साइकिल उपलब्ध कराने की पहल की गई है. सरकार का लक्ष्य स्कूल छोड़ने वाली छात्राओं की संख्या कम करना और ज्यादा से ज्यादा बेटियों को अपनी पढ़ाई पूरी करने का अवसर देना है.

मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ने जनता से किए गए वादों को पूरा करने के लिए समयबद्ध तरीके से काम किया है. उन्होंने कहा कि सरकार अपने सभी संकल्पों को पूरा करने के लिए लगातार काम कर रही है.

महिलाओं के सम्मान पर भी बोलीं मुख्यमंत्री

विधानसभा में महिलाओं के सम्मान का मुद्दा भी मुख्यमंत्री ने उठाया. उन्होंने कहा कि महिलाओं के खिलाफ किसी भी तरह की आपत्तिजनक टिप्पणी या अशोभनीय व्यवहार लोकतांत्रिक व्यवस्था और सदन की गरिमा के खिलाफ है.

उन्होंने कहा कि सार्वजनिक जीवन में महिलाओं के सम्मान की रक्षा करना सभी जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी है. दिल्ली सरकार महिलाओं के अधिकारों और सम्मान की सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है.

विपक्ष पर भी साधा निशाना

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने विपक्ष पर जनता से जुड़े मुद्दों से ध्यान हटाने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि पिछली सरकार के समय सार्वजनिक धन के इस्तेमाल और कुछ योजनाओं के संचालन में अनियमितताओं का असर आज भी दिखाई दे रहा है और कई कल्याणकारी योजनाओं के भुगतान प्रभावित हुए हैं.

उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ काम कर रही है. सरकार की कोशिश है कि सभी पात्र लोगों तक योजनाओं का लाभ सही समय पर पहुंचे और किसी भी पात्र महिला को सरकारी मदद से वंचित न रहना पड़े.

ये भी पढ़ें- Delhi Rain Alert: दिल्ली-एनसीआर में आंधी-बारिश का खतरा, रेड अलर्ट जारी, घर से निकलने से पहले जानें अपडेट