रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध में अब यूरोप खुलकर यूक्रेन की मदद के लिए एक कदम और आगे बढ़ गया है. जर्मनी की अग्रणी रक्षा कंपनी Rheinmetall ने घोषणा की है कि वह यूक्रेन को Leopard-1 टैंक चेसिस पर आधारित अत्याधुनिक Skyranger 35 मोबाइल एयर डिफेंस सिस्टम देगा. यह एक घातक एंटी-एयरक्राफ्ट वेपन है, जो हवा में 4 किलोमीटर की रेंज तक किसी भी लक्ष्य को सेकंडों में तबाह कर सकता है. यह डील कई मिलियन यूरो की है और इसकी फंडिंग एक यूरोपीय देश द्वारा की जा रही है, जिसके लिए पैसा रूस की फ्रीज की गई संपत्तियों से लिया जाएगा. Rheinmetall के CEO आर्मिन पैपरगर ने इस साझेदारी को यूरोप की प्रतिबद्धता का प्रतीक बताया और यूक्रेन के भरोसे के लिए आभार व्यक्त किया.
Skyranger 35, Rheinmetall द्वारा विकसित Skyshield एयर डिफेंस सिस्टम का मोबाइल वर्जन है. इसे जर्मन Leopard-1 मुख्य युद्धक टैंक के चेसिस पर तैयार किया गया है, जिससे इसे युद्ध क्षेत्र में शानदार गतिशीलता और सुरक्षा मिलती है. इस सिस्टम की सबसे बड़ी ताकत है इसका KDG 35/1000 Revolver Cannon, जो 35×228mm कैलिबर के गोले 1000 राउंड प्रति मिनट की रफ्तार से दाग सकता है. इतनी तेज़ गोलाबारी किसी भी ड्रोन, मिसाइल या लो-फ्लाइंग एयरक्राफ्ट को कुछ ही सेकंड में खत्म कर सकती है.
एयरबर्स्ट मोड: ड्रोन खतरे का सटीक जवाब
Skyranger 35 की सबसे घातक विशेषता इसका एयरबर्स्ट फायरिंग मोड है. इस मोड में गोला लक्ष्य के पास पहुंचते ही हवा में फट जाता है और टंगस्टन सब-प्रोजेक्टाइल्स की बारिश करता है, जो आसमान में उड़ते छोटे, तेज गति वाले ड्रोन और क्रूज मिसाइलों को नष्ट करने में सक्षम है. यह तकनीक खासतौर पर रूस द्वारा इस्तेमाल किए जा रहे ईरानी Shahed ड्रोन जैसे खतरों से निपटने के लिए बेहद कारगर मानी जा रही है.
स्वचालित संचालन और नेटवर्क इंटीग्रेशन की क्षमता
Skyranger 35 को पूरी तरह ऑटोनॉमस मोड में भी ऑपरेट किया जा सकता है. इसमें आधुनिक रडार सिस्टम, टारगेट ट्रैकिंग, और डेटा लिंक तकनीक शामिल हैं, जो इसे बिना किसी मानवीय कमांड के लक्ष्य को पहचानने और फायर करने की क्षमता देती हैं. इसके अलावा, यह किसी बड़े एयर डिफेंस नेटवर्क से भी जुड़ सकता है, जिससे यह चलते-फिरते सैन्य काफिलों या रणनीतिक ठिकानों को रीयल टाइम सुरक्षा देने में सक्षम होता है.
Leopard-1 चेसिस का फायदा: गतिशीलता और सुरक्षा का संयोजन
Leopard-1 प्लेटफॉर्म पर आधारित होने के कारण Skyranger 35 को एक टैंक जैसी सुरक्षा और बेहतर ग्राउंड मोबिलिटी मिलती है. यह सिस्टम ‘Gun-on-Track’ एयर डिफेंस टैंक की श्रेणी में आता है, जो ग्राउंड आर्टिलरी और एयर डिफेंस के बीच की खाई को भरता है. यह युद्ध क्षेत्र में तेजी से मूव कर सकता है और खुद को दुश्मन की जवाबी कार्रवाई से भी सुरक्षित रख सकता है.
रूस की चिंता क्यों बढ़ी?
रूस ने अब तक यूक्रेन पर हजारों की संख्या में ड्रोन और मिसाइलें दागी हैं, जिससे यूक्रेन के शहर, ऊर्जा संयंत्र और सैन्य ठिकाने बार-बार निशाना बने हैं. लेकिन Skyranger 35 जैसे मोबाइल एयर डिफेंस सिस्टम के आने से यूक्रेन की प्रतिक्रिया प्रणाली पहले से कहीं अधिक तेज़, सटीक और मोबाइल हो जाएगी. विशेषज्ञों का मानना है कि यह डील यूक्रेन की वायु सुरक्षा रणनीति में एक गेम चेंजर की भूमिका निभा सकती है.
यह भी पढ़ें: अफगानिस्तान-पाकिस्तान सीमा पर फिर बढ़ा तनाव, डूरंड लाइन पर भीषण झड़पें