EPFO: अगर आप नौकरी करते हैं और हर महीने आपकी सैलरी से पीएफ कटता है, तो यह खबर आपके लिए राहत भरी है. कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) ने क्लेम प्रक्रिया को पहले से काफी आसान और तेज बना दिया है. अब पीएफ का पैसा पाने के लिए लंबे समय तक इंतजार करने या दफ्तरों के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं होगी. ऑनलाइन आवेदन करने के बाद कई मामलों में एक से दो दिन के भीतर पैसा बैंक खाते में पहुंच सकता है.
ज्यादातर पीएफ क्लेम अपने आप हो रहे मंजूर
ईपीएफओ के अधिकारियों के मुताबिक, विभाग की नई व्यवस्था पहले से ज्यादा तेज काम कर रही है. अब करीब 90 फीसदी पीएफ क्लेम ऑटो सेटलमेंट के जरिए अपने आप मंजूर हो रहे हैं. इससे कर्मचारियों को काफी राहत मिली है.
अगर किसी कर्मचारी को इलाज, शादी, घर बनाने या किसी दूसरी जरूरी जरूरत के लिए पैसे चाहिए, तो ऑनलाइन क्लेम करने के बाद कई मामलों में उसी दिन या अधिकतम 48 घंटे के भीतर पैसा खाते में भेजा जा सकता है.
जल्द BHIM और UPI से भी मिलेगा पैसा
ईपीएफओ अब भुगतान प्रक्रिया को और आधुनिक बनाने की तैयारी में है. जल्द ही पीएफ क्लेम का पैसा BHIM ऐप के जरिए सीधे उस बैंक खाते में भेजा जाएगा, जो आपके UPI से जुड़ा होगा.
अधिकारियों का कहना है कि इस नई सुविधा को जल्द शुरू करने की योजना है. इसके लागू होने के बाद क्लेम का पैसा पहले से ज्यादा तेजी और आसानी से कर्मचारियों तक पहुंच सकेगा.
डिलीवरी बॉय और दिहाड़ी मजदूरों को भी फायदा
सरकार सामाजिक सुरक्षा का दायरा बढ़ाने पर भी काम कर रही है. प्रस्तावित नई योजना में ई-कॉमर्स कंपनियों के डिलीवरी पार्टनर, गिग वर्कर्स और असंगठित क्षेत्र के दिहाड़ी मजदूरों को भी शामिल करने की तैयारी है.
नई व्यवस्था लागू होने के बाद इन कामगारों को भी सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी सुविधाओं का लाभ मिल सकेगा. सरकार की ओर से इसकी आधिकारिक घोषणा का इंतजार है.
ब्याज दर पर फिलहाल कोई बदलाव नहीं
पीएफ पर मिलने वाले ब्याज को लेकर फिलहाल कोई नई घोषणा नहीं की गई है. अभी कर्मचारियों को 8.25 फीसदी की दर से ब्याज मिल रहा है.
हाल ही में ईपीएफओ ने 34 करोड़ से ज्यादा खातों में करीब 1.44 लाख करोड़ रुपये का ब्याज जमा किया है. विभाग का कहना है कि उसका लक्ष्य क्लेम प्रक्रिया को और आसान बनाना है, ताकि कर्मचारियों को बिना परेशानी के समय पर उनकी राशि मिल सके.
ये भी पढ़ें- CWG 2026 Boxing: बॉक्सिंग में 10 गोल्ड मेडल जीत सकता है भारत, फाइनल में पहुंचे सभी मुक्केबाज