कोलकाता: कोलकाता के नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के परिसर में मौजूद 136 साल पुरानी बांकरा मस्जिद में फिलहाल लोगों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई है. इसके साथ ही यहां नमाज अदा करने की अनुमति भी अस्थायी रूप से रोक दी गई है.
बताया जा रहा है कि एयरपोर्ट के रनवे के विस्तार की योजना के तहत मस्जिद को दूसरी जगह स्थानांतरित करने की प्रक्रिया शुरू की गई है. इसी वजह से यह फैसला लिया गया है. इस ऐतिहासिक मस्जिद को गौरीपुर जामा मस्जिद के नाम से भी जाना जाता है.
रनवे विस्तार के लिए शुरू हुई प्रक्रिया
एयरपोर्ट परिसर में स्थित इस मस्जिद को लंबे समय से दूसरी जगह ले जाने की योजना पर चर्चा चल रही थी. अब रनवे विस्तार के काम को आगे बढ़ाने के लिए प्रशासन ने इसकी प्रक्रिया शुरू कर दी है.
राज्य सरकार के मंत्री दिलीप घोष ने कहा कि रनवे क्षेत्र में मस्जिद का बने रहना उचित नहीं था. उन्होंने उम्मीद जताई कि जगह खाली होने के बाद रनवे विस्तार का काम तेजी से पूरा किया जा सकेगा.
#WATCH | Kolkata: On Bankra mosque at Kolkata airport, State Minister Dilip Ghosh says, “There was no justification for the mosque being located where it was. It had been deliberately allowed to remain within the runway area. Prayers have now been stopped there as well. I believe… pic.twitter.com/ndeBSiUtgQ
— ANI (@ANI) July 13, 2026
अधिकारियों ने क्या कहा?
अधिकारियों के अनुसार, मस्जिद तक जाने वाली सड़क बारिश की वजह से खराब हो गई थी. इसलिए मरम्मत का काम शुरू किया गया और इसी कारण दो दिनों के लिए प्रवेश पर रोक लगाई गई.
उन्होंने कहा कि अगर सड़क की मरम्मत तय समय पर पूरी हो जाती है, तो आगे की स्थिति के अनुसार नमाज की अनुमति पर फैसला लिया जाएगा.
मुख्यमंत्री बोले- राष्ट्रीय सुरक्षा सबसे जरूरी
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने इस मुद्दे पर कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा और एयरपोर्ट की सुरक्षा सबसे बड़ी प्राथमिकता है.
उन्होंने कहा कि कोलकाता अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा रणनीतिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण स्थान पर है. ऐसे में एयरपोर्ट परिसर में बाहरी लोगों की आवाजाही को पूरी तरह खुला नहीं रखा जा सकता.
East Midnapore, West Bengal: On Kolkata airport, CM Suvendu Adhikari says, "National security and airport security have to be prioritised. The location of the airport is crucial to security. China and Bangladesh are near. It is an international airport..." pic.twitter.com/S6QHI5nsd7
— ANI (@ANI) July 13, 2026
धर्म मानने की आजादी पर भी दिया बयान
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार किसी को भी अपना धर्म मानने से नहीं रोक रही है. उनका कहना था कि सभी लोगों को कानून का पालन करते हुए अपने धार्मिक कार्य करने का पूरा अधिकार है.
उन्होंने लोगों से अपील की कि सभी नागरिक कानून का सम्मान करें, जिम्मेदारी से व्यवहार करें और अपने धर्म का पालन व्यक्तिगत आस्था के रूप में करें, ताकि शांति और व्यवस्था बनी रहे.
ये भी पढ़ें- Petrol Diesel Price: अमेरिका-ईरान जंग भड़कने से फिर महंगा हुआ क्रूड ऑयल, देखें पेट्रोल-डीजल के ताजा रेट