Petrol Diesel Price: अमेरिका-ईरान जंग भड़कने से फिर महंगा हुआ क्रूड ऑयल, देखें पेट्रोल-डीजल के ताजा रेट

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के साथ हुए अस्थायी युद्ध विराम को खत्म करने का ऐलान कर दिया है.

Petrol-Diesel Prices Crude oil prices rise again as US-Iran conflict flares up
प्रतिकात्मक तस्वीर/ AI

Petrol Diesel Price: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के साथ हुए अस्थायी युद्ध विराम को खत्म करने का ऐलान कर दिया है. इसके बाद पश्चिम एशिया में एक बार फिर तनाव बढ़ गया है और दोनों तरफ से हमले तेज हो गए हैं. इसका असर अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों पर भी देखने को मिला. सोमवार सुबह क्रूड ऑयल की कीमत में 3 फीसदी से ज्यादा की बढ़त दर्ज की गई.

हालांकि, भारत की सरकारी तेल कंपनियों ने सोमवार, 13 जुलाई 2026 को भी पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया है. देश में 25 मई 2026 के बाद से ईंधन के दाम स्थिर हैं.

पाकिस्तान में फिर बढ़े पेट्रोल-डीजल के दाम

पड़ोसी देश पाकिस्तान में शनिवार से पेट्रोल और डीजल दोनों महंगे हो गए हैं. पेट्रोल की कीमत में 13.18 रुपये प्रति लीटर और डीजल की कीमत में 13.80 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई है.

इस बढ़ोतरी के बाद पाकिस्तान में पेट्रोल 310.71 रुपये प्रति लीटर और डीजल 323.30 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है. ईरान के साथ युद्ध शुरू होने के बाद पाकिस्तान सरकार हर शुक्रवार को ईंधन की कीमतों की समीक्षा कर रही है और कई बार दाम बदल चुकी है.

भारत में कब बदले थे दाम

भारत में पश्चिम बंगाल समेत पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव खत्म होने के बाद मई 2026 में पेट्रोल-डीजल की कीमतें चार बार बढ़ाई गई थीं.

15 मई को पेट्रोल 3 रुपये और डीजल 3.29 रुपये प्रति लीटर महंगा हुआ था. इसके बाद 19 मई और 23 मई को पेट्रोल 87-87 पैसे तथा डीजल 91-91 पैसे बढ़ा. फिर 25 मई को पेट्रोल 2.61 रुपये और डीजल 2.71 रुपये प्रति लीटर महंगा किया गया. इसके बाद से अब तक कीमतों में कोई बदलाव नहीं हुआ है.

चार बड़े शहरों में पेट्रोल का भाव

सरकारी तेल कंपनियों के मुताबिक आज दिल्ली में पेट्रोल 102.12 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है.

कोलकाता में पेट्रोल 113.51 रुपये, मुंबई में 111.21 रुपये और चेन्नई में 107.77 रुपये प्रति लीटर है.

डीजल के ताजा रेट

दिल्ली में डीजल 95.20 रुपये प्रति लीटर मिल रहा है.

कोलकाता में डीजल 99.02 रुपये, मुंबई में 97.83 रुपये और चेन्नई में 99.55 रुपये प्रति लीटर है.

फिर बढ़ी कच्चे तेल की कीमत

अमेरिका और ईरान के बीच युद्ध विराम खत्म होने के बाद कच्चे तेल की कीमतों में फिर तेजी आ गई है. पश्चिम एशिया में दोनों देशों के बीच हमले तेज होने से तेल बाजार पर दबाव बढ़ गया है.

सोमवार सुबह अंतरराष्ट्रीय बाजार में ब्रेंट क्रूड 3.28 फीसदी यानी 2.49 डॉलर चढ़कर 78.50 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया. वहीं अमेरिकी डब्ल्यूटीआई क्रूड 3.37 फीसदी यानी 2.41 डॉलर की बढ़त के साथ 73.82 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार करता दिखा.

युद्ध शुरू होने के बाद से अब तक कच्चे तेल की कीमतों में करीब 50 फीसदी की बढ़ोतरी हो चुकी है. अगर यह तेजी लंबे समय तक जारी रहती है, तो आने वाले दिनों में भारत में भी पेट्रोल और डीजल की कीमतों पर इसका असर पड़ सकता है.