MP News: भोपाल के कुशाभाऊ ठाकरे कंवेंशन सेंटर में सोमवार को इंजीनियरिंग डे के अवसर पर एक भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया. इस दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने लोक निर्माण विभाग के कई तकनीकी नवाचारों का शुभारंभ किया, जिनका उद्देश्य विभाग की कार्यक्षमता और पारदर्शिता बढ़ाना है. इस मौके पर उन्होंने प्रदेश में इंजीनियर्स रिसर्च एंड ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट की स्थापना का भी ऐलान किया, जो अभियंताओं को नवीनतम तकनीक से लैस करेगा.
"ईश्वर सबसे बड़ा अभियंता है"
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अभियंता शब्द का अर्थ बताते हुए कहा, "अभियंता का मतलब होता है आरंभ करने वाला." उन्होंने कहा कि, "ईश्वर ने इस संसार की रचना की है, वही सबसे बड़े अभियंता हैं. सर मोक्षगुंडम विश्वैश्वरैया ने 20वीं शताब्दी में अभियांत्रिकी के नए कीर्तिमान रचे.
उन्होंने कहा कि, "देश के अभियंताओं ने चिनाब ब्रिज जैसे कठिन प्रोजेक्ट बनाकर अपनी अद्वितीय क्षमता साबित की है. सीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इंजीनियरों को गति शक्ति योजना जैसे प्रोजेक्ट से लगातार प्रेरित कर रहे हैं. जब अंतरिक्ष मिशन असफल हुआ तो पीएम मोदी वैज्ञानिकों के साथ खड़े रहे. यह संदेश है कि राष्ट्र निर्माण में तकनीक और अभियंता कितने अहम हैं."
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि, "लोक निर्माण विभाग केवल सड़कें और पुल नहीं बना रहा बल्कि लोक कल्याण की नई परंपरा गढ़ रहा है." उन्होंने भगवान विश्वकर्मा का उल्लेख करते हुए कहा कि, "उन्होंने पुष्पक विमान जैसी रचना की थी. आज हमारे इंजीनियर तकनीक के सहारे अनेक ताजमहल खड़े करने की क्षमता रखते हैं."
MP में बन चुके हैं 500 लोक कल्याण सरोवर
वहीं, लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने कहा कि, "मध्य प्रदेश अधोसंरचना विकास की नई गाथा लिख रहा है. प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश का विकास तेजी से हुआ है और मुख्यमंत्री डॉ. यादव इसे प्रदेश में पूरी प्रतिबद्धता से आगे बढ़ा रहे हैं." उन्होंने कहा कि, "इंजीनियर केवल पुल-पुलिया नहीं बनाते, बल्कि वे देश की तकदीर और तस्वीर गढ़ते हैं."
राकेश सिंह ने जानकारी दी कि, "अब तक प्रदेश में 500 लोक कल्याण सरोवर बनाए जा चुके हैं. विभाग ने लोकपथ ऐप सहित कई नवाचार किए हैं." उन्होंने कहा कि, "आने वाले महीनों में एक विशेष ऐप लाया जाएगा जो कार्यों की समय-सीमा का आकलन करेगा. पीएम गति शक्ति पोर्टल से पुलों और संरचनाओं के डिजाइन में मदद मिल रही है."
ये भी पढ़ें: MP पुलिस में कांस्टेबल के पदों पर बंपर भर्ती, आवेदन प्रक्रिया शुरू, ऐसे करें अप्लाई, चेक करें डिटेल्स