Salim Vastik Attack Case: दिल्ली के पास गाजियाबाद के लोनी इलाके में Ex-मुस्लिम सलीम वास्तिक पर जानलेवा हमला करने वाले आरोपी की पुलिस से मुठभेड़ हुई. इस एनकाउंटर में एक बदमाश ढेर हो गया. मुठभेड़ लोनी थाना क्षेत्र में हुई.
मुठभेड़ में लोनी थानाध्यक्ष मुकेश कुमार की बुलेटप्रूफ जैकेट में गोली लगी. वहीं, दो पुलिस कॉन्स्टेबल विपिन कुमार और सचिन कुमार की बाजू में गोली लगी. ढेर हुए बदमाश की पहचान जीशान के रूप में हुई, जो अमरोहा के नगला सैफी का रहने वाला था. सलीम पर हमला करके जीशान मौके से फरार हो गया था.
10 मिनट तक चली फायरिंग
एडिशनल डीसीपी क्राइम पीयूष सिंह के मुताबिक, पुलिस और बाइक सवार बदमाश के बीच करीब 10 मिनट तक फायरिंग चली. बदमाश ने करीब 10 राउंड फायरिंग की. लोनी पुलिस और देहात SWAT टीम ने इस मुठभेड़ को अंजाम दिया. घायल बदमाश को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित किया.
चाकू से किया था हमला
पुलिस के अनुसार, मरने वाले बदमाश जीशान ने ही सलीम पर चाकू से हमला किया था. CCTV फुटेज में वह बाइक पर पीछे बैठा नजर आया था और कुर्ता-पजामा पहने हुए था. पुलिस ने मौके से चाकू, पिस्टल, कारतूस और बाइक बरामद की है.
दिनदहाड़े हुआ था हमला
सलीम पर यह हमला शुक्रवार सुबह दिनदहाड़े लोनी इलाके में हुआ था. बाइक सवार दो बदमाशों ने धारदार हथियार से हमला किया. सलीम के गले और पेट पर कई वार किए गए. जख्मी सलीम खून से लथपथ होकर वहीं गिर पड़े थे. हमलावर बाइक से फरार हो गए थे.
ये भी पढ़ें- त्योहारों से पहले योगी आदित्यनाथ सख्त, होली पर गड़बड़ी करने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई