Holi 2026 UP: योगी आदित्यनाथ ने आगामी त्योहारों होली, रमजान, ईद और नवरोज को लेकर प्रदेश में कानून-व्यवस्था सख्त रखने के निर्देश दिए हैं. उन्होंने स्पष्ट किया कि माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी, ताकि सामाजिक सौहार्द बना रहे.
शनिवार देर शाम हुई उच्चस्तरीय बैठक में मुख्यमंत्री ने सभी प्रमुख त्योहारों की तैयारियों की समीक्षा की. अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त सतर्कता बरती जाए और हर हाल में शांति व्यवस्था कायम रखी जाए. प्रशासन को यह सुनिश्चित करने के लिए कहा गया कि सभी पर्व शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हों.
मूलभूत सुविधाओं पर खास ध्यान
बैठक में साफ-सफाई, बिजली, पानी और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए गए. मुख्यमंत्री ने कहा कि त्योहारों के दौरान आम जनता को किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए और हर विभाग अपनी जिम्मेदारी पूरी ईमानदारी से निभाए.
शिकायतों के निस्तारण पर जोर
मुख्यमंत्री ने IGRS और सीएम हेल्पलाइन के जरिए आने वाली शिकायतों की समीक्षा की. अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए कि सभी शिकायतों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए.
संवेदनशील समय, कड़ी निगरानी जरूरी
मुख्यमंत्री ने कहा कि आने वाले दिनों में वसंतिक नवरात्र, ईद और अन्य त्योहारों के साथ-साथ बोर्ड परीक्षाएं भी चल रही हैं. ऐसे में यह समय कानून-व्यवस्था की दृष्टि से बेहद संवेदनशील है. उन्होंने पिछले वर्षों की घटनाओं से सीख लेकर बेहतर प्रबंधन करने पर जोर दिया.
अधिकारियों की जवाबदेही तय होगी
उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि कहीं भी सामाजिक तनाव या विवाद की स्थिति उत्पन्न होती है, तो संबंधित अधिकारियों को जिम्मेदार ठहराया जाएगा. पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने और संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी मजबूत करने के निर्देश भी दिए गए हैं.
होलिका दहन और शोभायात्राओं के लिए निर्देश
मुख्यमंत्री ने कहा कि होलिका दहन केवल सुरक्षित और निर्धारित स्थानों पर ही किया जाए. साथ ही होलिका दहन समितियों और पीस कमेटियों की बैठकें आयोजित करने के निर्देश दिए गए, ताकि आपसी समन्वय बना रहे. शोभायात्राओं के दौरान विशेष सतर्कता बरतने को भी कहा गया.
मर्यादा और सौहार्द बनाए रखने की अपील
मुख्यमंत्री ने त्योहारों के दौरान अभद्र गीत-संगीत से बचने और किसी भी समुदाय की भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाले कृत्यों से दूर रहने की अपील की. उन्होंने कहा कि त्योहार भाईचारे, प्रेम और एकता का प्रतीक हैं, इन्हें किसी भी प्रकार के विवाद का कारण नहीं बनने देना चाहिए.
ये भी पढ़ें- IND vs WI: भारत-वेस्टइंडीज के बीच करो या मरो का मुकाबला, जानें हेड टू हेड रिकॉर्ड और पिच रिपोर्ट