Jammu Kashmir: किश्तवाड़ में सेना और आतंकियों के बीच मुठभेड़ जारी, हाई अलर्ट पर सुरक्षाबल

Kishtwar Encounter: जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले में शुक्रवार रात एक बार फिर आतंक के खिलाफ सुरक्षा बलों का अभियान तेज हो गया है. शुक्रवार को रात करीब 8 बजे सेना और आतंकवादियों के बीच गंभीर मुठभेड़ शुरू हुई, जो अब तक जारी है.

Encounter continues between army and terrorists in Kishtwar security forces on high alert
Image Source: ANI/ File

Kishtwar Encounter: जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले में शुक्रवार रात एक बार फिर आतंक के खिलाफ सुरक्षा बलों का अभियान तेज हो गया है. शुक्रवार को रात करीब 8 बजे सेना और आतंकवादियों के बीच गंभीर मुठभेड़ शुरू हुई, जो अब तक जारी है. इस ऑपरेशन को लेकर भारतीय सेना की व्हाइट नाइट कोर ने आधिकारिक पुष्टि करते हुए जानकारी दी कि कार्रवाई एक विशेष खुफिया इनपुट के आधार पर शुरू की गई थी.

व्हाइट नाइट कोर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि सतर्क सैनिकों ने सामान्य क्षेत्र में आतंकियों से संपर्क होते ही जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दोनों ओर से भारी गोलीबारी हो रही है.

इससे पहले भी हो चुकी हैं मुठभेड़ें

यह मुठभेड़ ऐसे समय पर हो रही है जब हाल ही में इसी इलाके में आतंकी गतिविधियों में तेजी देखी गई है. 2-3 जुलाई को किश्तवाड़ जिले के चटरू क्षेत्र में सुरक्षाबलों और आतंकवादियों के बीच झड़प हुई थी. 26 जून को उधमपुर के बसंतगढ़ इलाके में मुठभेड़ में एक आतंकी ढेर कर दिया गया था.

पहलगाम हमले ने झकझोर दिया था देश

महज कुछ ही महीने पहले, 22 अप्रैल को, पाकिस्तान समर्थित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा ने कश्मीर के पहलगाम में बड़ा आतंकी हमला कर 26 निर्दोष पर्यटकों की निर्मम हत्या कर दी थी. रिपोर्ट्स के मुताबिक, आतंकियों ने यात्रियों से धर्म पूछकर उन्हें निशाना बनाया था. इस निर्ममता के बाद पूरे देश में आक्रोश की लहर दौड़ गई थी.

भारत ने लिया हमला का बदला

भारत ने आतंकियों के इस हमले का मुंहतोड़ जवाब देते हुए पाकिस्तान और पीओके में लश्कर-ए-तैयबा के नौ ठिकानों पर सर्जिकल स्ट्राइक कर उन्हें नेस्तनाबूद किया. कार्रवाई के तहत मुरिदके, बहावलपुर, कोटली और मुजफ्फराबाद जैसे इलाकों में हमले किए गए. इस जवाबी कार्रवाई के बाद पाकिस्तान बौखला गया और सीमा पार से गोलीबारी और मिसाइलें दागने लगा, जिसे भारत ने मिसाइल डिफेंस सिस्टम के जरिए नाकाम कर दिया. भारत की इस सख्त रणनीति के बाद दोनों देशों के बीच सीज़फायर पर सहमति बनी, लेकिन सीमा पर तनाव अब भी बना हुआ है.

वर्तमान स्थिति

किश्तवाड़ में ऑपरेशन अभी जारी है और सुरक्षाबलों ने पूरे क्षेत्र को घेर रखा है. सेना की कोशिश है कि किसी भी तरह आतंकियों को ज़मीन पर दबाव में लाकर उन्हें निष्क्रिय किया जाए. सेना और पुलिस के उच्च अधिकारी भी मौके पर निगरानी कर रहे हैं.

यह भी पढ़ें- ट्रैक पर लौटी भारत-अमेरिका ट्रेड डील, US जाएंगे पीयूष गोयल; टैरिफ पर बनेगी बात?