टेस्ला के सीईओ और अमेरिकी अरबपति एलन मस्क ने एक बार फिर टेक्नोलॉजी की दुनिया में तहलका मचा दिया है. वे एक ऐसी “रोबोट आर्मी” बनाने की योजना पर काम कर रहे हैं, जो इंसानों से कहीं ज्यादा कुशल और मेहनती होगी. मस्क के अनुसार, आने वाले कुछ वर्षों में टेस्ला के ऑप्टिमस रोबोट की एक लाखों यूनिट्स बनाई जाएंगी, जो भविष्य की दुनिया में कामकाज का परिदृश्य पूरी तरह बदल सकती हैं.
ऑप्टिमस: टेस्ला का सबसे महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट
मस्क ने टेस्ला के तिमाही नतीजों की घोषणा के दौरान बताया कि ऑप्टिमस अब कंपनी का सबसे अहम प्रोजेक्ट बन चुका है. उनका मानना है कि ऑप्टिमस इंसानों से पांच गुना ज्यादा एफिशिएंसी के साथ काम कर सकता है. इतना ही नहीं, मस्क ने कंपनी के बोर्ड से इस प्रोजेक्ट पर पूर्ण नियंत्रण की मांग की है ताकि इसे तेजी से विकसित किया जा सके.
ऑप्टिमस का काम: रोज़मर्रा के कठिन कार्य आसान बनाना
यह रोबोट खासतौर पर मैन्युफैक्चरिंग, लॉजिस्टिक्स, हेल्थकेयर और घरेलू कामों को संभालने के लिए तैयार किया जा रहा है. टेस्ला इसे इंसान जैसा सोचने और काम करने वाला बनाने की दिशा में लगातार मेहनत कर रही है. मस्क का सपना है कि ऑप्टिमस की मदद से गरीबी खत्म हो और हर इंसान को बेहतरीन मेडिकल सुविधाएं मिलें. ये रोबोट सर्जन की भूमिका भी निभा सकेंगे, जो चिकित्सा क्षेत्र में क्रांति ला सकते हैं.
ऑप्टिमस का परीक्षण और भविष्य
2023 में पहली बार इस रोबोट को टेस्ला ने जनता के सामने पेश किया था. तब से लेकर अब तक, कंपनी ने इसके विकास में तेजी लाई है और अब यह टेस्टिंग के अंतिम चरण में है. हाल ही में सामने आए वीडियो में ऑप्टिमस कुंग फू की तकनीक सीखता दिखा, जो इसकी एडवांस्ड AI क्षमता का प्रमाण है. मस्क ने कहा है कि ऑप्टिमस पूरी तरह से AI से संचालित होगा और इसे किसी इंसान के निर्देश की जरूरत नहीं होगी.
कब शुरू होगा ऑप्टिमस का उत्पादन?
मस्क के अनुसार, अगले साल की शुरुआत तक ऑप्टिमस का प्रोडक्शन प्रोटोटाइप तैयार हो जाएगा. इसके बाद साल के अंत तक इसका मास प्रोडक्शन शुरू होने की उम्मीद है, जो तकनीक और मानव जीवन दोनों के लिए एक नया अध्याय खोल सकता है.
ये भी पढ़ें: YouTube Shorts में भी आया इंस्टाग्राम जैसा धमाकेदार फीचर, यूजर्स के लिए ये काम हो जाएगा आसान