Asia Cup 2025 Trophy Controversy: एशिया कप 2025 की ट्रॉफी को लेकर चले आ रहे लंबे विवाद में अब थोड़ी राहत की खबर सामने आई है. बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने खुलासा किया कि दुबई में चल रही ICC बोर्ड बैठक के दौरान पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के चेयरमैन मोहसिन नकवी से उनकी अनौपचारिक और औपचारिक मुलाकात हुई. दोनों पक्षों ने इस मुद्दे को सुलझाने की दिशा में सकारात्मक कदम बढ़ाए हैं, जिससे उम्मीद जताई जा रही है कि विवाद जल्द ही समाप्त हो सकता है.
28 सितंबर को दुबई में खेले गए एशिया कप टी20 फाइनल में सूर्यकुमार यादव की कप्तानी वाली टीम इंडिया ने पाकिस्तान को हराकर खिताब अपने नाम किया था. लेकिन अवॉर्ड सेरेमनी के दौरान मोहसिन नकवी और भारतीय टीम के बीच विवाद खड़ा हो गया.
टीम इंडिया को अभी तक नहीं मिली ट्रॉफी
नकवी, जो एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) के अध्यक्ष भी हैं, ने ट्रॉफी सौंपने की कोशिश की, लेकिन भारतीय टीम ने इसे स्वीकार करने से मना कर दिया. उनका तर्क था कि नकवी का भारत विरोधी रुख है. नतीजतन, ट्रॉफी ACC मुख्यालय में ही सुरक्षित रखी गई, और नकवी ने स्पष्ट निर्देश दे दिए कि बिना उनकी अनुमति के ट्रॉफी को नहीं हिलाया जाएगा.
ICC बोर्ड बैठक में हुई वार्ता
ICC बोर्ड बैठक में यह मुद्दा आधिकारिक एजेंडे का हिस्सा नहीं था, लेकिन ICC ने सैकिया और नकवी के बीच अलग से बातचीत कराई. इस दौरान ICC के एक वरिष्ठ अधिकारी और एक अन्य उच्च पदाधिकारी भी मौजूद थे.
सैकिया ने पीटीआई से बातचीत में कहा, “मैं ICC की अनौपचारिक और औपचारिक दोनों बैठकों का हिस्सा था. औपचारिक बैठक के दौरान यह एजेंडे में नहीं था, लेकिन ICC ने वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में मेरे और PCB प्रमुख के बीच अलग से बैठक करवाई. बातचीत की प्रक्रिया शुरू करना वास्तव में अच्छा था. दोनों पक्षों ने अच्छे ढंग से भाग लिया और आश्वासन दिया कि जल्द ही समाधान निकाला जाएगा. अब बर्फ टूट चुकी है और हम अलग-अलग विकल्पों पर काम करेंगे.”
यह भी पढे़ं- अब पेरेंट्स और टीचर्स का डिजिटल कनेक्शन होगा मजूबत, दिल्ली सरकार ने School Web App किया लॉन्च