Punjab Blast News: पंजाब में एक ही रात दो अलग-अलग जगहों पर हुए धमाकों ने प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है. पहली घटना जालंधर में हुई, जबकि कुछ ही घंटों बाद अमृतसर से भी धमाके की खबर सामने आई. इन दोनों घटनाओं के बाद पूरे राज्य में अलर्ट बढ़ा दिया गया है.
पहला धमाका जालंधर में रात करीब 8:15 बजे हुआ. यहां सीमा सुरक्षा बल (BSF) के पंजाब मुख्यालय के बाहर खड़ी एक स्कूटी में अचानक विस्फोट हो गया.
धमाके के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई. लोग डर के कारण इधर-उधर भागने लगे. हालांकि राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के घायल होने या जान जाने की खबर नहीं है.
अमृतसर में आर्मी कैंप के पास धमाका
जालंधर की घटना के कुछ घंटों बाद रात करीब 10:30 बजे अमृतसर के खासा इलाके में एक और धमाका हुआ. यह धमाका आर्मी कैंप के पास हुआ, जिससे आसपास के लोग घबरा गए.
स्थानीय लोगों के अनुसार, धमाके की आवाज काफी दूर तक सुनाई दी. कुछ लोगों का कहना है कि आवाज करीब डेढ़ किलोमीटर तक सुनी गई और धमाका इतना तेज था कि आसपास की दीवारें तक हिल गईं.
तुरंत मौके पर पहुंचीं टीमें
दोनों घटनाओं की जानकारी मिलते ही सेना, पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियां तुरंत सक्रिय हो गईं. मौके पर फॉरेंसिक टीमों को भी बुलाया गया, जो सबूत जुटाने में लगी हुई हैं. इलाके को घेर लिया गया है और हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है.
पुलिस का बयान
जालंधर पुलिस कमिश्नर धनप्रीत कौर ने बताया कि गश्त कर रही टीम मौके पर मौजूद थी. गेट के पास एक स्कूटी खड़ी थी, जिसमें अचानक आग लग गई. उन्होंने कहा कि शुरुआती जानकारी के अनुसार यह स्कूटी वहां काम करने वाले एक व्यक्ति की हो सकती है. पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है ताकि सही कारण सामने आ सके.
अब तक कोई बड़ा नुकसान नहीं
अधिकारियों के मुताबिक, दोनों घटनाओं में अभी तक किसी तरह के बड़े नुकसान या जनहानि की पुष्टि नहीं हुई है. लेकिन इन धमाकों की वजह क्या थी, यह जानने के लिए गहराई से जांच की जा रही है.
क्या दोनों घटनाएं जुड़ी हैं?
सुरक्षा एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि क्या जालंधर और अमृतसर के धमाकों के बीच कोई संबंध है या ये दोनों अलग-अलग घटनाएं हैं. फिलहाल इस बारे में कोई पक्की जानकारी सामने नहीं आई है.
पूरे पंजाब में हाई अलर्ट
इन घटनाओं के बाद पूरे पंजाब में सुरक्षा और कड़ी कर दी गई है. संदिग्ध लोगों और गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है. प्रशासन की कोशिश है कि किसी भी संभावित खतरे को समय रहते रोका जाए और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए.
ये भी पढ़ें- लगातार दूसरे दिन UAE पर ईरान ने मिसाइल और ड्रोन किए हमले, एयर डिफेंस सिस्टम हुआ एक्टिव