US Venezuela Tension: अमेरिका और वेनेजुएला के बीच वर्तमान में तनाव चरम पर है, और इस तनाव के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को एक गंभीर चेतावनी दी है. ट्रंप ने मादुरो को धमकी दी कि यदि वह अपने परिवार को सुरक्षित रखना चाहते हैं, तो उन्हें तुरंत वेनेजुएला छोड़ देना चाहिए.
ट्रंप ने मादुरो को दी धमकी
रिपोर्ट्स के मुताबिक, अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने रविवार, 30 नवंबर को मादुरो से फोन पर बात की थी. ट्रंप ने मादुरो को सीधे तौर पर चेतावनी दी कि अगर वह अपनी और अपने परिवार की जान बचाना चाहते हैं तो वेनेजुएला छोड़ दें. ट्रंप ने मादुरो, उनकी पत्नी सिलिया फ्लोरेस और उनके बेटे को सुरक्षित रूप से देश छोड़ने का प्रस्ताव भी दिया था, लेकिन मादुरो ने इस प्रस्ताव को अस्वीकार कर दिया. इसके बाद दोनों नेताओं के बीच बातचीत का कोई हल नहीं निकल सका.
विमान मार्ग पर अमेरिका का कड़ा रुख
वहीं, ट्रंप ने हाल ही में वेनेजुएला के एयरस्पेस को बंद करने का फैसला भी किया. उन्होंने कहा कि अमेरिका के लिए यह कदम आवश्यक था क्योंकि वेनेजुएला के रास्ते से अमेरिका में ड्रग्स की सप्लाई हो रही थी. ट्रंप ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, "सभी एयरलाइंस, पायलटों, ड्रग डीलरों और मानव तस्करों से निवेदन है कि वेनेजुएला के ऊपर और आसपास के एयरस्पेस को बंद करने पर विचार करें." वेनेजुएला ने इस कदम को अपनी संप्रभुता पर हमला करार दिया है.
क्या अमेरिका वेनेजुएला पर हमले की कर रहा तैयारी?
वेनेजुएला के एयरस्पेस को बंद करने के बाद से इस बात की चर्चा जोरों पर है कि क्या अमेरिका वेनेजुएला पर सैन्य कार्रवाई करने वाला है. हालांकि, अमेरिकी प्रशासन की तरफ से इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है. लेकिन ट्रंप प्रशासन लगातार आरोप लगा रहा है कि वेनेजुएला के रास्ते से अमेरिका में ड्रग्स की तस्करी हो रही है, और इसी वजह से हाल के कुछ हफ्तों में अमेरिका ने कैरेबियन सागर में हमले तेज कर दिए हैं.
अमेरिका ने समुद्र में अपनी सैन्य ताकत बढ़ाई
अमेरिका ने इस इलाके में अपनी सैन्य तैनाती बढ़ा दी है, जिसमें 20 से ज्यादा जहाजों पर हमला किया गया है और 80 से ज्यादा लोग मारे गए हैं. इसके साथ ही, अमेरिकी राष्ट्रपति ने थैंक्सगिविंग डे पर अपने सैनिकों से कहा कि वे अब "जमीन पर कार्रवाई" शुरू करने जा रहे हैं. इस बयान के बाद यह आशंका जताई जा रही है कि अमेरिका अब जल्द ही वेनेजुएला में सैन्य कार्रवाई कर सकता है. अमेरिकी नेवी ने USS Gerald Ford जैसे एयरक्राफ्ट कैरियर को तैनात किया है और 15,000 सैनिकों को भी इस इलाके में भेजा है.
ये भी पढ़ें: पाकिस्तान-अफगानिस्तान के बीच जंग तय! तुर्की के बाद अब ये देश भी नहीं कर पाया समझौता