ICC T20I Rankings: महिला एशिया कप 2026 में शानदार प्रदर्शन करने वाली भारतीय खिलाड़ियों का दबदबा अब ICC की ताजा टी20 रैंकिंग में भी नजर आ रहा है. 15 सितंबर को जारी रैंकिंग में दीप्ति शर्मा ने गेंदबाजी में बड़ी छलांग लगाई है, जबकि शेफाली वर्मा को बल्लेबाजी रैंकिंग में फायदा मिला है. एशिया कप में दमदार प्रदर्शन करने वाली इन दोनों खिलाड़ियों ने अपनी रैंकिंग मजबूत कर ली है.
दीप्ति शर्मा ने लगाई बड़ी छलांग
महिला टी20 गेंदबाजी रैंकिंग में दीप्ति शर्मा चार पायदान ऊपर चढ़कर दूसरे नंबर पर पहुंच गई हैं. उनके खाते में 729 रेटिंग पॉइंट्स हैं. इससे पहले पिछले सप्ताह भी दीप्ति की रैंकिंग में सुधार हुआ था. एशिया कप के फाइनल में उन्होंने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट झटके थे, जिसका फायदा उन्हें ताजा ICC रैंकिंग में मिला है.
श्री चरणी ने रचा नया इतिहास
श्री चरणी 804 रेटिंग पॉइंट्स के साथ महिला टी20 गेंदबाजी रैंकिंग में नंबर-1 पर कायम हैं. एशिया कप 2026 में उन्होंने कुल 12 विकेट लिए थे और फाइनल मुकाबले में 4 विकेट झटककर भारत की जीत में अहम भूमिका निभाई. 800 से ज्यादा रेटिंग पॉइंट्स हासिल करने वाली वह पहली भारतीय महिला गेंदबाज बन गई हैं. हालांकि, वह वर्ल्ड रिकॉर्ड से महज 2 रेटिंग पॉइंट पीछे हैं. ऑस्ट्रेलिया की मेगन स्कट के नाम 806 रेटिंग पॉइंट्स का रिकॉर्ड दर्ज है.
शेफाली वर्मा को भी मिला फायदा
बल्लेबाजी रैंकिंग में शेफाली वर्मा एक पायदान ऊपर चढ़कर छठे नंबर पर पहुंच गई हैं. उनके 741 रेटिंग पॉइंट्स हैं. एशिया कप फाइनल में श्रीलंका के खिलाफ शेफाली ने 39 गेंदों पर 68 रनों की तूफानी पारी खेली थी, जिसमें 2 छक्के और 3 चौके शामिल थे. उन्होंने स्मृति मंधाना के साथ पहले विकेट के लिए शतकीय साझेदारी की थी. फाइनल में मैच जिताऊ प्रदर्शन के अलावा शेफाली को पूरे टूर्नामेंट की सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का पुरस्कार भी मिला.
ये भी पढ़ें: टीम इंडिया को बड़ा झटका! ये खूंखार खिलाड़ी अफगानिस्तान T20 सीरीज से हुआ बाहर, जानें वजह