बॉलीवुड में लंबे समय बाद कॉमेडी फिल्मों का ऐसा दौर देखने को मिल रहा है, जहां दर्शक सिनेमाघरों में हंसने के लिए उमड़ रहे हैं. हालिया रिलीज फिल्मों की सफलता के बीच अब 'धमाल 4' भी बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन करती नजर आ रही है. 10 जुलाई 2026 को रिलीज हुई इस मल्टीस्टारर फिल्म ने पहले ही वीकेंड में जबरदस्त कमाई करते हुए यह साबित कर दिया है कि 'धमाल' फ्रेंचाइजी का क्रेज आज भी बरकरार है. तीन दिनों के भीतर फिल्म ने कमाई के मामले में फ्रेंचाइजी की पहली दो फिल्मों को पीछे छोड़ दिया है और अब इसकी नजर सबसे बड़ी ब्लॉकबस्टर बनने पर है.
पुराने सितारों ने फिर जमाया रंग
'धमाल 4' में एक बार फिर दर्शकों को वही पसंदीदा स्टारकास्ट देखने को मिली है, जिसने इस फ्रेंचाइजी को लोकप्रिय बनाया. फिल्म में अरशद वारसी, जावेद जाफरी, रितेश देशमुख, संजय मिश्रा और जॉनी लीवर जैसे कलाकार अपनी कॉमिक टाइमिंग से दर्शकों का मनोरंजन कर रहे हैं. इस बार अजय देवगन की मौजूदगी ने फिल्म को और बड़ा बना दिया है, जिससे दर्शकों के बीच उत्साह और बढ़ गया.
कॉमेडी फिल्मों की सफलता का सिलसिला जारी
हाल के महीनों में 'भूत बंगला' और 'वेलकम टू द जंगल' जैसी फिल्मों को दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिला है. इन फिल्मों की सफलता ने यह संकेत दिया कि दर्शक एक बार फिर हल्की-फुल्की मनोरंजक फिल्मों को बड़े पर्दे पर देखना पसंद कर रहे हैं. इसी कड़ी में 'धमाल 4' भी शानदार प्रदर्शन कर रही है और बॉक्स ऑफिस पर लगातार मजबूत पकड़ बनाए हुए है.
2007 में शुरू हुआ था 'धमाल' का सफर
'धमाल' फ्रेंचाइजी की शुरुआत 7 सितंबर 2007 को हुई थी. इंद्र कुमार के निर्देशन में बनी इस फिल्म में रितेश देशमुख, संजय दत्त, अरशद वारसी, आशीष चौधरी, असरानी और जावेद जाफरी मुख्य भूमिकाओं में नजर आए थे. करीब 17 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस कॉमेडी फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर लगभग 51 करोड़ रुपये का कारोबार किया था और रिलीज के बाद यह दर्शकों की पसंदीदा फिल्मों में शामिल हो गई.
'डबल धमाल' ने बढ़ाया फ्रेंचाइजी का दायरा
पहली फिल्म की सफलता के बाद 24 जून 2011 को 'डबल धमाल' रिलीज हुई. इस फिल्म का निर्देशन भी इंद्र कुमार ने किया था. पुराने कलाकारों के साथ इसमें कंगना रनौत और मलाइका अरोड़ा भी नजर आई थीं. लगभग 30 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म ने दुनियाभर में करीब 71 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया और फ्रेंचाइजी की लोकप्रियता को आगे बढ़ाया.
'टोटल धमाल' बनी सबसे बड़ी हिट
22 फरवरी 2019 को रिलीज हुई 'टोटल धमाल' ने फ्रेंचाइजी को एक नए स्तर पर पहुंचा दिया. करीब 105 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म ने दुनियाभर में 232 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई की और उस समय 'धमाल' सीरीज की सबसे बड़ी हिट बन गई. इस फिल्म ने पहले दोनों पार्ट की कमाई के रिकॉर्ड आसानी से तोड़ दिए थे.
पहले वीकेंड में 'धमाल 4' की शानदार कमाई
'धमाल 4' ने रिलीज के पहले दिन घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 14 करोड़ रुपये की ओपनिंग की. दूसरे दिन यानी शनिवार को फिल्म की कमाई बढ़कर 22.50 करोड़ रुपये पहुंच गई. वहीं तीसरे दिन रविवार को फिल्म ने 28.50 करोड़ रुपये का कारोबार किया. इस तरह पहले तीन दिनों में फिल्म ने घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 65 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन दर्ज कर लिया.
विदेशों में भी मिला जबरदस्त रिस्पॉन्स
भारत के साथ-साथ विदेशी बाजारों में भी 'धमाल 4' को अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है. फिल्म ने तीन दिनों में ओवरसीज मार्केट से करीब 14 करोड़ रुपये की कमाई की है. वहीं भारत में इसका ग्रॉस कलेक्शन 78 करोड़ रुपये तक पहुंच गया. घरेलू और विदेशी कमाई को मिलाकर फिल्म का कुल वर्ल्डवाइड कलेक्शन 92 करोड़ रुपये हो चुका है. इस आंकड़े के साथ 'धमाल 4' ने रिलीज के पहले ही वीकेंड में फ्रेंचाइजी की पहली दो फिल्मों के लाइफटाइम कलेक्शन को पीछे छोड़ दिया है.
क्या बनेगी फ्रेंचाइजी की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म?
'धमाल 4' को जिस तरह की शुरुआत मिली है, उसने ट्रेड एक्सपर्ट्स की उम्मीदें बढ़ा दी हैं. यदि आने वाले दिनों में फिल्म की रफ्तार इसी तरह बनी रहती है तो यह 'टोटल धमाल' का रिकॉर्ड भी चुनौती दे सकती है. रिपोर्ट्स के मुताबिक फिल्म का बजट 115 से 125 करोड़ रुपये के बीच बताया जा रहा है. ऐसे में अगर दर्शकों का समर्थन लगातार मिलता रहा तो 'धमाल 4' न केवल अपना बजट आसानी से निकाल सकती है, बल्कि 'धमाल' फ्रेंचाइजी की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बनने का नया रिकॉर्ड भी अपने नाम कर सकती है.
ये भी पढ़ें: 7 साल बाद बड़े पर्दे पर लौट रहे गोविंदा! 'रूपा' से करेंगे धमाकेदार कमबैक, नई एक्ट्रेस संग आएंगे नजर