US Attack An Iran: ईरान पर हुए अमेरिकी हमलों में कम से कम 14 लोगों की मौत हुई है, जबकि 78 लोग घायल बताए जा रहे हैं. ईरान के स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, पिछले दो दिनों में देश के पांच प्रांतों को निशाना बनाया गया.
अमेरिकी हमले का असर ईरान के कई इलाकों में देखने को मिला है. इनमें मशहद शहर के आसपास का क्षेत्र भी शामिल है. खास बात यह है कि मशहद वही शहर है, जहां ईरान के सर्वोच्च नेता अली खामेनेई के अंतिम संस्कार और दफन की रस्में चल रही हैं.
तेहरान-मशहद रेलवे लाइन पर हमला
अमेरिका ने मशहद के पास तेहरान-मशहद रेलवे लाइन को भी निशाना बनाया. हमले के बाद दोनों शहरों के बीच ट्रेन सेवा रोक दी गई. ईरान की सरकारी मीडिया के अनुसार, रेलवे लाइन को हुए नुकसान की मरम्मत का काम शुरू कर दिया गया है.
ईरान रेलवे ने इस हमले के लिए अमेरिका और इजरायल को जिम्मेदार ठहराया है. रेलवे अधिकारियों का कहना है कि तकनीकी टीमों को मौके पर भेजा गया है और जल्द से जल्द सेवा बहाल करने की कोशिश की जा रही है. यात्रियों के लिए सड़क मार्ग से वैकल्पिक व्यवस्था भी की जा रही है.
THREAD
— PressTV Extra (@PresstvExtra) July 9, 2026
July 9: Press TV's real-time coverage of the funeral and farewell ceremonies for the martyred Leader of the Islamic Revolution, Ayatollah Khamenei
Follow https://t.co/0EMmcJs6DL pic.twitter.com/rTpvjcKMwB
मशहद जाने वाले रास्तों पर भारी भीड़
तेहरान-मशहद रेलवे रूट ईरान के सबसे व्यस्त रेल मार्गों में से एक है. यहां हर साल बड़ी संख्या में यात्री सफर करते हैं. हमले के समय मशहद में बड़ी संख्या में लोग अली खामेनेई की अंतिम रस्मों में शामिल होने पहुंचे थे.
ईरानी रिवोल्यूशनरी गार्ड्स के मुताबिक, मशहद जाने वाले रास्ते पर दो रेलवे पुलों को निशाना बनाया गया, जिसके बाद ट्रेन सेवा अस्थायी रूप से रोकनी पड़ी. रिपोर्ट के अनुसार, यह हमला क्रूज मिसाइलों से किया गया.
बुशहर परमाणु संयंत्र के पास भी हमला
ईरानी न्यूज एजेंसी IRNA के मुताबिक, अमेरिका ने बुशहर परमाणु ऊर्जा संयंत्र के पास भी हमला किया. स्थानीय अधिकारी एहसान जहानियन ने बताया कि यह हमला दोपहर के समय हुआ. हालांकि अभी तक परमाणु संयंत्र को किसी तरह के नुकसान की जानकारी नहीं मिली है. इस संयंत्र का संचालन रूसी तकनीकी विशेषज्ञ करते हैं.
ट्रंप ने दी चेतावनी
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने चेतावनी दी है कि अगर शिपिंग पर दोबारा हमले हुए तो स्थिति और गंभीर हो सकती है. अमेरिका और ईरान के बीच तनाव के बीच कई जगहों पर हमले और जवाबी कार्रवाई जारी हैं.
मशहद में उमड़ी लोगों की भीड़
मशहद शहर में अली खामेनेई के अंतिम संस्कार को लेकर बड़ी संख्या में लोग जुटे हैं. इमाम रजा दरगाह की ओर जाने वाली सड़कें लोगों से भरी हुई हैं. कई जगहों पर जाम की स्थिति बनी हुई है. इस दौरान कई लोग नारे लगाते हुए नजर आए और कुछ लोगों ने ईरान के खिलाफ हुए हमलों का बदला लेने की मांग भी की.