Delhi: मौत का गड्ढा! जनकपुरी के बाद रोहिणी में हादसा, खुले नाले में गिरकर युवक की मौत

कुछ दिन पहले कमल ध्यानी रोड पर जल निगम द्वारा खोदे गए गड्ढे में गिरने से एक युवक की मौत हो गई थी. इस घटना को अभी एक हफ्ता भी नहीं बीता था कि रोहिणी में ऐसा ही एक और दर्दनाक हादसा सामने आ गया.

delhi Youth dies after falling into an open drain in Rohini
Image Source: Freepik

दिल्ली की सड़कों पर पैदल चलना अब खतरे से खाली नहीं रहा है. शहर में कई जगह खुले गड्ढे और बिना ढके नाले लोगों की जान पर भारी पड़ रहे हैं. कुछ दिन पहले कमल ध्यानी रोड पर जल निगम द्वारा खोदे गए गड्ढे में गिरने से एक युवक की मौत हो गई थी. इस घटना को अभी एक हफ्ता भी नहीं बीता था कि रोहिणी में ऐसा ही एक और दर्दनाक हादसा सामने आ गया.

इस ताजा घटना के बाद लोगों में काफी नाराजगी है. स्थानीय लोगों का कहना है कि आखिर सड़कों पर ये गड्ढे और नाले खुले क्यों छोड़े गए हैं. सवाल उठ रहे हैं कि क्या प्रशासन किसी बड़ी कार्रवाई का इंतजार कर रहा है. लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से लोगों में डर और गुस्सा दोनों बढ़ता जा रहा है.

मंगलवार को रोहिणी के सेक्टर-32 में महाशक्ति काली मंदिर के पास एक युवक खुले नाले में गिर गया. हादसा होते ही आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंच गए और पुलिस को जानकारी दी. सूचना मिलते ही बेगमपुर थाने की पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं और युवक की तलाश शुरू की गई.

फायर ब्रिगेड की टीम ने खास उपकरणों की मदद से सर्च ऑपरेशन चलाया और काफी मशक्कत के बाद युवक को नाले से बाहर निकाला गया. उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. घटना के बाद मौके पर भीड़ जमा हो गई, जिसे पुलिस ने हटाया. फिलहाल पुलिस युवक की पहचान करने और हादसे की वजह की जांच में जुटी हुई है.

ये भी पढ़ें: दिल्ली की शिक्षा क्रांति को मिली रफ्तार, CM रेखा गुप्ता ने नए भवन और हाईटेक ICT लैब का किया उद्घाटन