नई दिल्ली: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मंगलवार को छात्रों को बड़ी सौगात दी. उन्होंने सरकारी स्कूलों में स्थापित कुल 101 कंप्यूटर लैब और दिलशाद गार्डन में जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान का शुभारंभ किया. इस मौके पर सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि, "हमारी सरकार का लक्ष्य सरकारी स्कूलों को अभिभावकों की पहली पसंद बनाना है. हम ऐसी गुणवत्ता और सुविधाएं देना चाहते हैं जो निजी संस्थानों के बराबर या उनसे भी बेहतर हों."
स्थापित की गई 101 कंप्यूटर लैब
मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा क्षेत्र में वास्तविक सफलता तब हासिल होगी, जब माता-पिता खुद अपने बच्चों के लिए सरकारी स्कूलों का चुनाव करेंगे. मुख्यमंत्री ने डिजिटल शिक्षा को मजबूत करने में 'लाडली फाउंडेशन' और 'अमेरिकन इंडिया फाउंडेशन' (AIF) सहित सार्वजनिक-निजी भागीदारी (PPP) की भूमिका की भी सराहना की. उन्होंने बताया कि ऐसी साझेदारियों के माध्यम से सरकारी स्कूलों में कुल 101 कंप्यूटर लैब स्थापित की गई हैं और अब तक 2,000 से अधिक कंप्यूटर उपलब्ध कराए गए हैं.
"हमारी सरकार ने शिक्षा व्यवस्था को नई दिशा दी"
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने एक्स पर पोस्ट शेयर कर लिखा कि, "दिल्ली में शिक्षा का स्तर देश में सबसे बेहतर हो, स्कूलों का इंफ्रास्ट्रक्चर आधुनिक हो और हर बच्चे को डिजिटल सुविधाओं का समान अवसर मिले - इसी संकल्प के साथ आज सरकारी स्कूलों के लिए 101 अत्याधुनिक कंप्यूटर लैब्स का उद्घाटन किया गया है. साथ ही सर्वोदय विद्यालय, मानसरोवर गार्डन और D.I.E.T. दिलशाद गार्डन में नव निर्मित इमारतों का भी उद्घाटन हुआ. ये भवन शिक्षा के केंद्र हैं, जहां से दिल्ली का भविष्य गढ़ा जाएगा."
उन्होंने आगे लिखा कि, "पिछले एक वर्ष में हमारी सरकार ने शिक्षा व्यवस्था को नई दिशा दी है. निजी स्कूलों की फीस में मनमानी पर रोक, नए और आधुनिक पाठ्यक्रम और सरकारी स्कूलों में मजबूत डिजिटल शिक्षा व्यवस्था इसके स्पष्ट उदाहरण हैं. हमारा लक्ष्य साफ है. सरकारी स्कूलों के छात्र भी वही आत्मविश्वास, वही अवसर और वही विजन लेकर आगे बढ़ें, जो किसी भी उत्कृष्ट संस्थान के छात्रों को मिलते हैं."
दिल्ली में शिक्षा का स्तर देश में सबसे बेहतर हो, स्कूलों का इंफ्रास्ट्रक्चर आधुनिक हो और हर बच्चे को डिजिटल सुविधाओं का समान अवसर मिले - इसी संकल्प के साथ आज सरकारी स्कूलों के लिए 101 अत्याधुनिक कंप्यूटर लैब्स का उद्घाटन किया गया है।
— Rekha Gupta (@gupta_rekha) February 10, 2026
साथ ही सर्वोदय विद्यालय, मानसरोवर गार्डन और… pic.twitter.com/GtzHyaHYtD
शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने क्या कहा?
इसके अलावा दिल्ली के शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने पूर्व की सरकारों पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि, "शिक्षा में बदलाव विज्ञापनों में नहीं, बल्कि कक्षाओं और प्रयोगशालाओं में दिखना चाहिए." उन्होंने कहा कि, "सरकार स्कूलों में कक्षा और सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी (आईसीटी) जैसी सुविधाओं पर खर्च को प्राथमिकता दे रही है. इसका मुख्य उद्देश्य छात्रों के बीच डिजिटल अंतर को कम करना है." आशीष सूद ने कहा कि, "सरकार ने पहले ही 7,000 स्मार्ट ब्लैकबोर्ड के लिए निविदा जारी कर दी है. सरकार की योजना अगले चार वर्षों में कक्षा 9 से 12 तक के लगभग 21,000 कक्षाओं में स्मार्ट बोर्ड लगाने की है, जिसके साथ पांच साल के रखरखाव की गारंटी भी दी जाएगी."
ये भी पढ़ें: दिल्ली की बेटियों को मिला बड़ा तोहफा, सीएम रेखा गुप्ता ने किया 'लखपति बिटिया योजना' का ऐलान