बारिश या गर्मी... दिल्ली में अगले 3 तीन दिन कैसा रहेगा मौसम? IMD ने दिया अपडेट

दिल्ली-एनसीआर में उमस और गर्मी से फिलहाल राहत मिलती नजर नहीं आ रही है. मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, अगले तीन दिनों में बारिश की संभावना बेहद कम है.

delhi-weather-rain-alert-monsoon-exit-next-week-forecast
Image Source: Social Media

दिल्ली-एनसीआर में उमस और गर्मी से फिलहाल राहत मिलती नजर नहीं आ रही है. मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, अगले तीन दिनों में बारिश की संभावना बेहद कम है. बीते कई दिनों से राजधानी और आसपास के इलाकों में कभी धूप तो कभी बादल छाए रहे, लेकिन बारिश का इंतजार खत्म नहीं हुआ. अब मानसून की विदाई करीब आने के साथ सवाल उठ रहा है कि क्या दिल्ली में इस सीजन की अच्छी मानसूनी बारिश अब देखने को मिलेगी.

शुक्रवार को कैसा रहेगा दिल्ली का मौसम?

शुक्रवार को दिल्ली, नोएडा और पूरे एनसीआर में आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है. दिल्ली में अधिकतम तापमान 33 से 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22 से 24 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है. ज्यादातर इलाकों में न्यूनतम तापमान सामान्य से कम, जबकि अधिकतम तापमान सामान्य के आसपास रहने की संभावना है. सुबह उत्तर-पश्चिम दिशा से करीब 15 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, जो दोपहर में घटकर 12 और शाम-रात में करीब 10 किमी प्रति घंटे रह सकती हैं.

शनिवार को भी बारिश के आसार कम

शनिवार को भी दिल्ली के आसमान में कुछ बादल दिखाई दे सकते हैं, लेकिन बारिश की संभावना कम है. मौसम विभाग के अनुसार, अधिकतम तापमान 34 से 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22 से 24 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है. इस दौरान अधिकतर जगहों पर न्यूनतम तापमान सामान्य से कम और अधिकतम तापमान सामान्य के आसपास रहने की संभावना है. हवा की रफ्तार 10 से 15 किमी प्रति घंटे के बीच रह सकती है.

रविवार को भी गर्मी और उमस से राहत नहीं

रविवार को भी दिल्ली में मौसम का मिजाज लगभग ऐसा ही रहने की उम्मीद है. आसमान में आंशिक बादल छाए रह सकते हैं, जबकि अधिकतम तापमान 34 से 36 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22 से 24 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है. बारिश के फिलहाल कोई खास आसार नहीं हैं. वहीं, अगले एक सप्ताह में दिल्ली से मानसून की विदाई की संभावना को देखते हुए इस सीजन में राजधानी में जोरदार बारिश की उम्मीद भी अब कम होती जा रही है.

ये भी पढ़ें: दिल्ली-NCR में आज से बदलेगा मौसम का मिजाज, बारिश के साथ 50 KM की रफ्तार से चलेंगी हवाएं, IMD ने किया अलर्ट