Delhi Weather: भीषण गर्मी से जूझ रही नई दिल्ली और आसपास के इलाकों में अब मौसम बदलने वाला है. 18 मार्च से अगले दो दिनों तक तेज हवाओं, आंधी और बारिश का दौर शुरू होने की संभावना है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने इसके लिए येलो अलर्ट जारी किया है. इससे तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को गर्मी से राहत मिल सकती है.
पिछले 24 घंटों में दिल्ली-एनसीआर में हल्की धूप तो रही, लेकिन उमस ने लोगों को परेशान किया. हवा की रफ्तार 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे के बीच रही, जिससे मौसम चिपचिपा बना रहा. तापमान की बात करें तो अधिकतम तापमान 30 से 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 15 से 16 डिग्री सेल्सियस के आसपास रिकॉर्ड किया गया.
अब बदलेगा मौसम का मिजाज
मौसम विभाग और एक्सपर्ट्स के मुताबिक अब दिल्ली-एनसीआर का मौसम पूरी तरह बदलने वाला है. अगले 48 घंटों में इसका असर साफ दिखेगा. डॉ. महेश पलावत (स्काईमेट वेदर) के अनुसार, देशभर में मौसम में बदलाव आएगा. आने वाले तीन दिनों में पहाड़ी इलाकों में भारी बारिश और बर्फबारी हो सकती है. तेज हवाओं और ओलावृष्टि की वजह से कुछ जगहों पर फसलों को नुकसान भी हो सकता है.
IMD का पूर्वानुमान
IMD के अनुसार 18 मार्च से ही मौसम बदलना शुरू हो जाएगा. दिल्ली-एनसीआर में 30 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. बीच-बीच में बारिश होगी और आसमान में बादल छाए रहेंगे. इस दौरान अधिकतम तापमान करीब 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 15-16 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है.
येलो अलर्ट और क्या है खतरा
मौसम विभाग ने 19 और 20 मार्च के लिए येलो अलर्ट जारी किया है. इन दिनों तेज हवाओं, धूल भरी आंधी और बारिश की चेतावनी दी गई है. 19 मार्च को दोपहर से रात के बीच कभी भी बारिश हो सकती है.
हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. 20 मार्च को नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद समेत पूरे दिल्ली-एनसीआर में आंधी और बारिश का असर देखने को मिल सकता है.
लोगों के लिए जरूरी सलाह
मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है. तेज हवा और आंधी के समय घर से बाहर निकलने से बचें. खुले में खड़े पेड़ों, बिजली के खंभों और कमजोर ढांचों से दूर रहें.
अगर बहुत जरूरी न हो तो खराब मौसम के दौरान बाहर जाने से बचें. इससे आप किसी भी तरह के नुकसान से सुरक्षित रह सकते हैं. कुल मिलाकर, गर्मी से राहत तो मिलेगी, लेकिन मौसम का यह बदलाव अपने साथ कुछ जोखिम भी लेकर आ सकता है, इसलिए सावधानी रखना जरूरी है.
ये भी पढ़ें- दिल्ली का मौसम फिर बदलेगा करवट, गरज-चमक के साथ बरसेंगे बादल, IMD ने जारी किया ताजा अपडेट