सत्य निकेतन हादसे में बड़ा एक्शन, ‘Hostel Daze’ चलाने वाला PG संचालक सुधांशु गिरफ्तार, पार्टनर शुभम फरार

Satya Niketan Accident: सत्य निकेतन इमारत हादसे के बाद पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है. ‘Hostel Daze’ के PG संचालक सुधांशु को गिरफ्तार किया गया है.

delhi-satya-niketan-building-accident-pg-owner-arrested
Image Source: Internet

Satya Niketan Accident: दिल्ली के सत्य निकेतन में इमारत हादसे के बाद पुलिस और प्रशासन की कार्रवाई लगातार तेज होती जा रही है. हादसे से जुड़े मामले में पुलिस ने अब उस पीजी के संचालक सुधांशु को गिरफ्तार कर लिया है, जो इस इमारत में ‘Hostel Daze’ के नाम से चलाया जा रहा था. पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और उसे जल्द ही कोर्ट में पेश किया जाएगा.

PG चलाने वाले दो पार्टनर्स में से एक गिरफ्तार

दिल्ली पुलिस के सूत्रों के मुताबिक, महेश ने अगस्त 2025 में बिल्डिंग को दो बिजनेस पार्टनर्स शुभम त्यागी और सुधांशु को लीज पर दिया था. दोनों ने मिलकर इस इमारत में ‘Hostel Daze’ नाम से पीजी शुरू किया था. हादसे के बाद पुलिस ने मामले की जांच तेज करते हुए सुधांशु को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसका बिजनेस पार्टनर शुभम त्यागी फिलहाल फरार बताया जा रहा है. पुलिस उसकी तलाश में जुटी है.

महेश की पुलिस कस्टडी भी आज खत्म

इस मामले में गिरफ्तार महेश की दो दिन की पुलिस कस्टडी आज खत्म हो रही है. पुलिस उसे साउथ कैंपस थाने से कोर्ट में पेश करने के लिए लेकर गई है. महेश के साथ एक बिल्डिंग कॉन्ट्रैक्टर और एक राजमिस्त्री को भी अदालत में पेश किया जा रहा है. पुलिस इन सभी से हादसे की वजह और इमारत से जुड़े निर्माण कार्यों को लेकर पूछताछ कर रही है.

हथौड़े से हटाई जा रही जर्जर इमारत

सत्य निकेतन में हादसे वाली इमारत के आसपास अब प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी है. इमारत से जरूरी सामान पूरी तरह हटाया जा चुका है. इसके अलावा आसपास की करीब 5-6 इमारतों को भी एहतियात के तौर पर खाली कराया गया है, ताकि जर्जर ढांचे को हटाने के दौरान किसी तरह का खतरा न हो.

कमजोर हो चुकी इमारत को गिराने के लिए प्रशासन भारी मशीनरी या बुलडोजर का इस्तेमाल नहीं कर रहा है. सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इसे हथौड़े और दूसरे छोटे औजारों की मदद से धीरे-धीरे तोड़ा जा रहा है. मौके पर MCD की टीम मौजूद है और हादसे में गिरी इमारत के बगल में मौजूद कमजोर बिल्डिंग को हटाने का काम शुरू कर दिया गया है.

मौके पर भारी सुरक्षा बल तैनात

इमारत को हटाने की कार्रवाई के दौरान किसी तरह की अप्रिय स्थिति से बचने के लिए मौके पर भारी संख्या में पुलिस और सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं. प्रशासन की प्राथमिकता आसपास के लोगों और अन्य इमारतों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है. वहीं, पुलिस हादसे से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है और आरोपियों से पूछताछ के जरिए जिम्मेदारी तय करने की कोशिश में जुटी है.

ये भी पढ़ें-  सत्य निकेतन हादसे के बाद MCD का बुलडोजर एक्शन, बगल की जर्जर इमारत गिराने का काम शुरू