दिल्ली में LPG सिलेंडर में जोरदार ब्लास्ट, पति-पत्नी गंभीर रूप से झुलसे; इलाके में मची अफरा-तफरी

दिल्ली में रविवार को दो अलग-अलग हादसों ने लोगों की चिंता बढ़ा दी. विवेक विहार इलाके में एक झुग्गी में छोटे LPG सिलेंडर में अचानक ब्लास्ट हो गया, जिसमें पति-पत्नी गंभीर रूप से झुलस गए.

Delhi LPG Blast Fire Incidents Injure Couple
AI Generated

दिल्ली में रविवार को दो अलग-अलग हादसों ने लोगों की चिंता बढ़ा दी. विवेक विहार इलाके में एक झुग्गी में छोटे LPG सिलेंडर में अचानक ब्लास्ट हो गया, जिसमें पति-पत्नी गंभीर रूप से झुलस गए. वहीं पश्चिमी दिल्ली में राजधानी मेट्रो स्टेशन के पास लकड़ी और प्लाईवुड के एक कारखाने में भीषण आग लग गई. दोनों घटनाओं की सूचना मिलते ही दमकल की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव का काम शुरू किया.

विवेक विहार में सिलेंडर ब्लास्ट

विवेक विहार थाने के पीछे झुग्गी नंबर-11 में रखे छोटे LPG सिलेंडर में अचानक धमाका होने से अफरा-तफरी मच गई. हादसे में 35 वर्षीय अनिल दास और उनकी 30 वर्षीय पत्नी खुशबू गंभीर रूप से झुलस गए. बताया जा रहा है कि दोनों करीब 60 प्रतिशत तक जल गए हैं. घटना के बाद PCR की मदद से दोनों को तत्काल राजीव गांधी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है.

मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड, जांच में जुटी टीम

LPG सिलेंडर में ब्लास्ट की सूचना मिलते ही दिल्ली अग्निशमन विभाग की टीम घटनास्थल पर पहुंची. आग पर काबू पाने और स्थिति को नियंत्रित करने के लिए 2 वाटर टेंडर और 1 वॉटर बॉजर यूनिट को मौके पर भेजा गया. फिलहाल सिलेंडर में धमाका किस वजह से हुआ, इसका पता लगाने के लिए जांच की जा रही है. हादसे के बाद इलाके में कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा.

पश्चिमी दिल्ली में लकड़ी के गोदाम में लगी भीषण आग

इसी बीच पश्चिमी दिल्ली में राजधानी मेट्रो स्टेशन के पास असम टिंबर मार्केट स्थित लकड़ी और प्लाईवुड के गोदाम में रविवार तड़के भीषण आग लग गई. आग लगने की सूचना करीब सुबह 3 बजे मिली, जिसके बाद शुरुआत में 9 दमकल गाड़ियों को मौके पर भेजा गया. आग की भयावहता को देखते हुए अतिरिक्त दमकल वाहन भी बुलाए गए और करीब 3:24 बजे इसे भीषण घोषित किया गया. आग पर सुबह करीब 6:30 बजे काबू पाया जा सका. इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है.

करीब 2 हजार वर्ग गज में फैली थी इमारत

अग्निशमन अधिकारियों के मुताबिक, आग एक इमारत के बेसमेंट में बने लकड़ी के गोदाम में लगी थी. इमारत में बेसमेंट के अलावा भूतल या स्टिल्ट और दो मंजिलें हैं तथा इसका क्षेत्रफल करीब 2,000 वर्ग गज बताया गया है. आग पर काबू पाने के लिए कुल 25 दमकल गाड़ियों को लगाया गया. फिलहाल दोनों घटनाओं में संबंधित एजेंसियां जांच कर रही हैं और LPG ब्लास्ट के कारणों के साथ आग लगने की वजह का भी पता लगाया जा रहा है.