रक्षाबंधन से पहले रेखा सरकार का बड़ा तोहफा, दिल्ली लक्ष्मी योजना की पहली किस्त जारी; ऐसे चेक करें स्टेटस

Delhi Lakshmi Yojana: दिल्ली सरकार ने महिलाओं को बड़ी राहत देते हुए लक्ष्मी योजना की पहली किस्त जारी कर दी है. मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बुधवार को दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में योजना के लाभार्थियों के लिए पहली किस्त जारी की.

Delhi government Raksha Bandhan first installment Delhi Lakshmi Yojana check status
Image Source: Social Media

Delhi Lakshmi Yojana: दिल्ली सरकार ने महिलाओं को बड़ी राहत देते हुए लक्ष्मी योजना की पहली किस्त जारी कर दी है. मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बुधवार को दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में योजना के लाभार्थियों के लिए पहली किस्त जारी की. 

हालांकि, महिलाओं के बैंक खातों में यह पैसा 1 सितंबर को पहुंचेगा. इस योजना का मकसद महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत और आत्मनिर्भर बनाना है. इसके तहत पात्र महिलाओं को हर महीने 2,500 रुपये की मदद दी जाएगी.

2,500 महिलाओं को मिले मंजूरी पत्र

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में दिल्ली सरकार अपने चुनावी वादों को पूरा कर रही है. उन्होंने बताया कि दिल्ली लक्ष्मी योजना 1 अगस्त से शुरू की गई थी.

कार्यक्रम में पहले चरण में 2,500 लाभार्थी महिलाओं को मंजूरी पत्र दिए गए. मुख्यमंत्री के मुताबिक, इन महिलाओं के बैंक खाते और सीबीडीसी वॉलेट खुलने के बाद 1 सितंबर को उनके खातों में राशि पहुंच जाएगी.

हर महीने मिलेंगे 2,500 रुपये

दिल्ली लक्ष्मी योजना 1 अगस्त से लागू हुई है. अब तक 6 लाख से ज्यादा महिलाएं इसके लिए पंजीकरण करा चुकी हैं. योजना के तहत हर महिला को हर महीने 2,500 रुपये मिलेंगे. हालांकि, पूरी रकम सीधे खर्च करने के लिए उपलब्ध नहीं होगी. 

इसमें से 1,500 रुपये की राशि सावधि जमा में रखी जाएगी, जबकि बाकी 1,000 रुपये डिजिटल मुद्रा के रूप में मिलेंगे. इस 1,000 रुपये का इस्तेमाल केवल डिजिटल भुगतान के लिए किया जा सकेगा.

आवेदन की स्थिति कैसे देखें

दिल्ली लक्ष्मी योजना की आवेदन स्थिति देखने के लिए सबसे पहले आधिकारिक पोर्टल पर जाना होगा. इसके बाद होम पेज पर दिए गए ‘ट्रैक एप्लीकेशन’ विकल्प पर क्लिक करना होगा.

इसके बाद रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर, जन्म तारीख और स्क्रीन पर दिया गया कैप्चा भरना होगा. जानकारी भरने के बाद ‘साइन इन’ पर क्लिक करते ही आवेदन की स्थिति स्क्रीन पर दिखाई देगी.

किन महिलाओं को मिलेगा लाभ

योजना का लाभ लेने के लिए महिला की उम्र 21 से 60 साल के बीच होनी चाहिए और वह अपने परिवार की सबसे बड़ी महिला सदस्य होनी चाहिए. परिवार की सालाना आय 2.5 लाख रुपये से ज्यादा नहीं होनी चाहिए. महिला का दिल्ली की मतदाता सूची में नाम होना भी जरूरी है. 

इसके अलावा आवेदन के समय महिला के पति या माता-पिता में से किसी एक का कम से कम 10 साल से दिल्ली का निवासी होना जरूरी है. पिछले 12 महीनों में परिवार की बिजली की खपत 2,400 यूनिट से ज्यादा नहीं होनी चाहिए.

कौन महिलाएं पात्र नहीं होंगी

सरकारी पेंशन या नियमित आर्थिक सहायता पाने वाली महिलाओं को इस योजना का लाभ नहीं मिलेगा. आयकरदाता, जीएसटी भरने वाले, सरकारी कर्मचारी और जनप्रतिनिधि भी इसके लिए पात्र नहीं होंगे.

अगर महिला या उसके परिवार के किसी सदस्य के पास चार पहिया वाहन है तो भी पात्रता प्रभावित हो सकती है. इसके अलावा तीन से ज्यादा बच्चों वाली महिलाएं और आपराधिक रिकॉर्ड वाली महिलाएं भी योजना की शर्तों के तहत पात्र नहीं हैं.

पहले केजरीवाल सरकार ने भी शुरू की थी योजना

इससे पहले अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली आम आदमी पार्टी सरकार ने ‘महिला सम्मान योजना’ शुरू करने का ऐलान किया था. इसके तहत 18 साल से ज्यादा उम्र की पात्र महिलाओं को हर महीने 1,000 रुपये देने की योजना थी. बजट 2024-25 में तत्कालीन सरकार ने इसके लिए 2,000 करोड़ रुपये का प्रावधान किया था.

ये भी पढ़ें- US Visa: ट्रंप प्रशासन का बड़ा फैसला, अमेरिका ने दुनियाभर में वीजा अपॉइंटमेंट पर लगाई अस्थायी रोक, जानें वजह