Delhi Vidya Vahini Scheme: दिल्ली में छात्राओं की शिक्षा को नई गति देने के उद्देश्य से राज्य सरकार एक बड़े अभियान की शुरुआत करने जा रही है. मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता 31 जुलाई को ईस्ट विनोद नगर स्थित स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित कार्यक्रम में कक्षा 9 की छात्राओं को ‘विद्या वाहिनी’ योजना के तहत साइकिलें वितरित करेंगी. पहले चरण में 3,000 छात्राओं को साइकिलें सौंपी जाएंगी, जबकि अगले एक महीने के भीतर राजधानी की करीब 1.40 लाख छात्राओं तक यह सुविधा चरणबद्ध तरीके से पहुंचाई जाएगी. सरकार का मानना है कि यह पहल शिक्षा तक आसान पहुंच सुनिश्चित करने की दिशा में अहम कदम साबित होगी.
शिक्षा तक आसान पहुंच बनेगी ‘विद्या वाहिनी’ का लक्ष्य
दिल्ली सरकार के अनुसार इस योजना का मुख्य उद्देश्य छात्राओं के लिए स्कूल तक पहुंच को अधिक सुगम बनाना, उनकी नियमित उपस्थिति बढ़ाना और उन्हें आत्मनिर्भर एवं आत्मविश्वासी बनाना है. मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि सरकार का स्पष्ट संकल्प है कि दिल्ली की कोई भी बेटी केवल दूरी, संसाधनों की कमी या परिवहन संबंधी परेशानियों की वजह से अपनी पढ़ाई से वंचित न रहे. उन्होंने कहा कि सरकार शिक्षा के रास्ते में आने वाली बाधाओं को खत्म करने के लिए लगातार काम कर रही है.
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि ‘विद्या वाहिनी’ केवल एक साइकिल नहीं, बल्कि दिल्ली की बेटियों के सपनों, आत्मविश्वास और उज्ज्वल भविष्य की सवारी है. उनका कहना है कि सरकार चाहती है कि राजधानी की हर बेटी बिना किसी डर और परेशानी के स्कूल पहुंचे, बेहतर शिक्षा प्राप्त करे और अपने जीवन के हर लक्ष्य को हासिल करने का अवसर पाए. इस योजना के माध्यम से छात्राओं को न केवल सुविधा मिलेगी, बल्कि उनके भीतर आत्मनिर्भरता का भाव भी मजबूत होगा.
मार्च में भी शुरू हुई थी पहल
इससे पहले मार्च में भी मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने राजधानी के 9 स्कूलों की लगभग 1,000 छात्राओं को साइकिलें वितरित की थीं. उस दौरान उन्होंने कहा था कि इस पहल का उद्देश्य घर से स्कूल की दूरी और परिवहन जैसी उन चुनौतियों को कम करना है, जो अक्सर लड़कियों की पढ़ाई में बाधा बनती हैं. उन्होंने यह भी दोहराया था कि दिल्ली की हर बेटी बिना किसी रुकावट के अपनी स्कूली शिक्षा पूरी करे, ग्रेजुएशन तक पहुंचे और अपने सपनों को साकार कर सके. सरकार उनके रास्ते में आने वाली हर बाधा को दूर करने के लिए प्रतिबद्ध है.
ये भी पढ़ें: Kanwar Yatra 2026: कांवड़ यात्रा के चलते बदलेगा दिल्ली का ट्रैफिक, इन रास्तों पर भूलकर भी न जाएं, जानें नए रूट प्लान