Kanwar Yatra Advisory In Delhi: श्रावण मास की शुरुआत के साथ देशभर में कांवड़ यात्रा का उत्साह देखने को मिल रहा है. लाखों शिवभक्त हरिद्वार, गंगोत्री और गोमुख से पवित्र गंगाजल लेकर अपने-अपने गंतव्य की ओर रवाना हो चुके हैं. इस दौरान दिल्ली भी यात्रा का प्रमुख मार्ग बन जाती है, जहां से बड़ी संख्या में कांवड़िए हरियाणा और राजस्थान की ओर आगे बढ़ते हैं. श्रद्धालुओं की सुरक्षित और निर्बाध आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने पश्चिमी रेंज के लिए विशेष ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है. ऐसे में आने वाले दिनों में राजधानी के कई प्रमुख मार्गों पर यातायात का दबाव बढ़ने की संभावना है.
🚨 TRAFFIC ADVISORY | KANWAR YATRA–2026
— Delhi Traffic Police (@dtptraffic) July 29, 2026
In view of the Kanwar Yatra from 30.07.2026 to 11.08.2026, traffic movement is likely to be affected on several routes across the Western Range of Delhi due to the movement of Kanwariyas and Kanwar Camps.
Commuters are advised to plan… pic.twitter.com/pDfPYEkiKe
30 जुलाई से 11 अगस्त तक लागू रहेगी विशेष व्यवस्था
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के अनुसार कांवड़ यात्रा 30 जुलाई 2026 से शुरू होकर 11 अगस्त 2026, यानी सावन शिवरात्रि तक चलेगी. इस अवधि में राजधानी की सीमाओं से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के गुजरने की उम्मीद है. इसी वजह से ट्रैफिक को सुचारु बनाए रखने और यात्रियों की सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं.
कांवड़ियों के लिए तय किए गए प्रमुख मार्ग
पश्चिमी दिल्ली में पैदल कांवड़ यात्रियों की आवाजाही के लिए कुछ प्रमुख मार्ग निर्धारित किए गए हैं. इनमें रोहतक रोड का मार्ग जखीरा, मादीपुर, पीरागढ़ी चौक, नांगलोई चौक, मुंडका और टीकरी बॉर्डर तक रहेगा. वहीं नजफगढ़ रोड पर जखीरा, उत्तम नगर, नजफगढ़ फिरनी रोड और झाड़ौदा बॉर्डर का रूट निर्धारित किया गया है. इसके अलावा आउटर रिंग रोड पर मधुबन चौक, पीरागढ़ी चौक, केशोपुर मंडी, डिस्ट्रिक्ट सेंटर और जनकपुरी के रास्ते श्रद्धालुओं की आवाजाही होगी. वहीं देव प्रकाश शास्त्री मार्ग पर रतनपुरी चौक से लोहा मंडी तक विशेष व्यवस्था लागू रहेगी.
इन इलाकों में बढ़ सकता है ट्रैफिक दबाव
कांवड़ शिविरों की स्थापना और श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए कई प्रमुख सड़कों पर ट्रैफिक प्रभावित होने की संभावना है. नजफगढ़ फिरनी रोड, रोहतक रोड, पंखा रोड, देव प्रकाश शास्त्री मार्ग, नांगलोई-नजफगढ़ रोड और आउटर रिंग रोड पर सामान्य दिनों की तुलना में अधिक भीड़ और जाम की स्थिति बन सकती है. यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से इन मार्गों पर अतिरिक्त समय लेकर निकलने और संभव हो तो वैकल्पिक रास्तों का उपयोग करने की सलाह दी है.
यात्रियों के लिए ट्रैफिक पुलिस की अहम सलाह
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यात्रा के दौरान निजी वाहन के बजाय मेट्रो और अन्य सार्वजनिक परिवहन का अधिक से अधिक उपयोग करें. इससे ट्रैफिक का दबाव कम होगा और यात्रा भी आसान रहेगी. वाहन चालकों को केवल अधिकृत पार्किंग स्थलों पर ही वाहन खड़े करने की सलाह दी गई है. सड़क किनारे पार्किंग करने से यातायात बाधित हो सकता है और कार्रवाई भी की जा सकती है.
रेलवे स्टेशन जाने वाले यात्री रखें विशेष ध्यान
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन जाने वाले यात्रियों के लिए भी ट्रैफिक पुलिस ने विशेष सलाह जारी की है. यात्रियों से कहा गया है कि वे अजमेरी गेट की बजाय पहाड़गंज की ओर से स्टेशन पहुंचने का प्रयास करें, क्योंकि इस दौरान कुछ मार्गों पर अधिक भीड़ रहने की संभावना है.
सुरक्षा को लेकर भी जारी की गई अपील
ट्रैफिक व्यवस्था के साथ-साथ सुरक्षा को लेकर भी पुलिस ने लोगों से सहयोग की अपील की है. यदि किसी भी स्थान पर कोई संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति दिखाई दे तो तुरंत दिल्ली पुलिस को इसकी सूचना दें. प्रशासन का कहना है कि आम नागरिकों के सहयोग से ही कांवड़ यात्रा को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाया जा सकता है.
घर से निकलने से पहले ट्रैफिक अपडेट जरूर देखें
कांवड़ यात्रा के दौरान राजधानी के कई हिस्सों में ट्रैफिक की स्थिति सामान्य दिनों से अलग रह सकती है. ऐसे में यदि आप दिल्ली या आसपास के क्षेत्रों में यात्रा करने की योजना बना रहे हैं, तो घर से निकलने से पहले ट्रैफिक अपडेट जरूर जांच लें.
ये भी पढ़ें- CWG 2026: एक हाथ गंवाया, लेकिन हिम्मत नहीं... दिलीप गावित ने भारत को दिलाया गोल्ड, बेसिल ने जीता सिल्वर