नई दिल्ली: दिल्ली और पूर्वी उत्तर प्रदेश के बीच रेल सफर करने वाले यात्रियों के लिए रेलवे ने बड़ी सुविधा का ऐलान किया है. पुरानी दिल्ली से गोरखपुर के बीच अब साप्ताहिक अमृत भारत एक्सप्रेस का संचालन शुरू किया जाएगा. इस ट्रेन के चलने से गोरखपुर के अलावा बस्ती, गोंडा, बरेली और आसपास के शहरों से दिल्ली आने-जाने वाले यात्रियों को भी काफी राहत मिलने की उम्मीद है.
फिलहाल दिल्ली से बिहार, उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल के अलग-अलग शहरों के लिए कई अमृत भारत एक्सप्रेस संचालित हो रही हैं. इसी कड़ी में अब पुरानी दिल्ली-गोरखपुर रूट पर एक और ट्रेन जुड़ने जा रही है, जिससे यात्रियों को तेज और सुविधाजनक रेल कनेक्टिविटी मिलेगी.
27 अगस्त से शुरू होगा संचालन
गोरखपुर-पुरानी दिल्ली अमृत भारत एक्सप्रेस (15095/15096) का नियमित परिचालन 27 अगस्त से शुरू होगा. गोरखपुर से यह ट्रेन प्रत्येक गुरुवार रात 10:45 बजे रवाना होकर अगले दिन दोपहर 12:50 बजे पुरानी दिल्ली पहुंचेगी. वापसी में पुरानी दिल्ली से ट्रेन 28 अगस्त से प्रत्येक शुक्रवार दोपहर 2:10 बजे चलेगी और अगले दिन सुबह 6:30 बजे गोरखपुर पहुंचेगी. इस ट्रेन के संचालन से दिल्ली जाने वाले यात्रियों को रात में सफर शुरू करने और अगले दिन दोपहर तक राजधानी पहुंचने का विकल्प मिलेगा, जबकि वापसी का सफर भी यात्रियों के लिए सुविधाजनक समय पर रहेगा.
इन स्टेशनों पर मिलेगा ठहराव
नई अमृत भारत एक्सप्रेस के रास्ते में खलीलाबाद, बस्ती, गोंडा, बुढ़वल, सीतापुर, बरेली, मुरादाबाद और गाजियाबाद स्टेशन पर ठहराव दिया जाएगा. इससे इन शहरों के यात्रियों को दिल्ली और गोरखपुर के बीच सीधे रेल विकल्प का लाभ मिलेगा.
अमृत भारत एक्सप्रेस की खासियत के मुताबिक इस ट्रेन में शयनयान और सामान्य श्रेणी के कोच लगाए जाएंगे. ऐसे में कम किराए में लंबी दूरी का सफर करने वाले यात्रियों के लिए यह ट्रेन खास तौर पर उपयोगी साबित हो सकती है. नई ट्रेन के शुरू होने से दिल्ली-गोरखपुर रूट पर यात्रियों के लिए कनेक्टिविटी और बेहतर होने की उम्मीद है.
ये भी पढ़ें: दिल्ली में प्रदूषण रोकने का 'प्लान 42' लागू, रेखा गुप्ता सरकार ने सर्दियों के लिए तैयार किया खास एक्शन प्लान