नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली की बेटियों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है. दिल्ली की रेखा गुप्ता सरकार ने बेटियों के लिए एक नई योजना की घोषणा की है. मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने लखपति बिटिया योजना का ऐलान करते हुए जानकारी दी है कि पुरानी लाडली योजना को बंद कर दिया गया है. बता दें कि लाडली बिटिया योजना के तहत जन्म से लेकर ग्रेजुएशन की पढ़ाई कंप्लीट करने तक अलग-अलग समय पर कुल 56 हजार रुपये की राशि प्रदान की जाएगी. वहीं ग्रेजुएशन के बाद बेटियों को एक लाख रुपये की राशि दी जाएगी. दिल्ली में लखपति बिटिया योजना की शुरुआत आगामी 1 अप्रैल से होगी.
क्या हैं योजना से जुड़ी शर्तें?
सीएम रेखा गुप्ता ने लखपति बिटिया योजना का ऐलान करते हुए इससे जुड़ी कई अहम डिटेल्स साझा की हैं. उन्होंने बताया है कि इस योजना का लाभ किन परिवारों को मिलेगा. मिली जानकारी के मुताबिक, एक परिवार की अधिकतम दो बेटियों को ही इस योजना का लाभ मिलेगा. केवल उन परिवारों की बेटियां पात्र होंगी जिनकी सालाना आय 1 लाख 20 हजार रुपये से कम या बराबर हो. अगर बेटी स्नातक पूरा करने से पहले शादी कर लेती है, तो उसे योजना का एक भी पैसा नहीं मिलेगा. सरकार इस योजना पर कुल 160 करोड़ रुपये खर्च करेगी.
LIVE: Press Briefing at Delhi Secretariat https://t.co/2xmMF5hHRG
— Rekha Gupta (@gupta_rekha) February 10, 2026
पुरानी योजना क्यों हो रही बंद?
लाडली योजना बंद करने के पीछे का कारण बताते हुए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा, 'लाडली योजना अगर ठीक से लागू की गई होती तो बहुत अच्छा होता. इस योजना के तहत बच्चियों को अलग-अलग समय पर 36 हजार रुपये दिए जाते थे, जो मैच्योर होने के बाद दिया जाना था. लेकिन कुल 1 लाख 86 हजार रुपये तक का पैसा लाडली तक पहुंच ही नहीं पाया. पिछले एक साल में हमने 30 हजार बच्चियों को ढूंढकर 90 करोड़ रुपये पहुंचाए हैं. अब 41 हजार बच्चियों को 100 करोड़ रुपये देने जा रहे हैं. अपनी सरकार के एक साल पूरा होने पर मैं 41 हजार लाडलियों को पैसे देने वाली हूं. मोदी जी की योजना 'मेरी पूंजी मेरा अधिकार' से मुझे इस काम की प्रेरणा मिली थी.'
ये भी पढ़ें: दिल्ली से खत्म होंगे कूड़े के पहाड़! करना होगा बस इतना इंतजार; CM रेखा गुप्ता ने बता दिया पूरा प्लान