दिल्ली में 11 सितंबर को बंद रहेंगे केंद्र सरकार के दफ्तर, किस वजह से लिया गया फैसला? यहां जानें

दिल्लीवासियों के लिए सितंबर में तीन दिन लगातार छुट्टी जैसा माहौल रहने वाला है. राजधानी में 11 सितंबर 2026 को केंद्र सरकार के सभी कार्यालय बंद रहेंगे.

delhi-central-government-offices-closed-brics-summit-september-2026
Image Source: ANI

दिल्लीवासियों के लिए सितंबर में तीन दिन लगातार छुट्टी जैसा माहौल रहने वाला है. राजधानी में 11 सितंबर 2026 को केंद्र सरकार के सभी कार्यालय बंद रहेंगे. केंद्र सरकार ने इस संबंध में आधिकारिक आदेश जारी किया है. दरअसल, नई दिल्ली के भारत मंडपम में 11 से 13 सितंबर तक ब्रिक्स बिजनेस फोरम और 18वां ब्रिक्स लीडर्स समिट आयोजित होने जा रहा है. बड़े अंतरराष्ट्रीय आयोजन को देखते हुए यह फैसला लिया गया है.

बड़े अंतरराष्ट्रीय आयोजन को देखते हुए फैसला

सरकार के मुताबिक, ब्रिक्स सम्मेलन में करीब 30 सदस्य और सहयोगी देशों के नेता, अंतरराष्ट्रीय संगठनों के प्रमुख और विभिन्न देशों के कारोबारी प्रतिनिधि शामिल होंगे. इतने बड़े आयोजन के चलते राजधानी में व्यापक सुरक्षा और लॉजिस्टिक्स व्यवस्था की जरूरत होगी. आम लोगों को होने वाली परेशानी और यातायात पर पड़ने वाले संभावित असर को कम करने के लिए दिल्ली स्थित केंद्र सरकार के कार्यालय 11 सितंबर को बंद रखने का निर्णय लिया गया है. इसके बाद 12 और 13 सितंबर को शनिवार और रविवार होने के कारण लगातार तीन दिन कार्यालय बंद रहेंगे.

भारत के हाथों में ब्रिक्स की कमान

भारत इस साल ब्रिक्स की अध्यक्षता कर रहा है और इसी के तहत नई दिल्ली में 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन की मेजबानी की जा रही है. विदेश मंत्रालय के अनुसार, सम्मेलन में ब्रिक्स सदस्य और सहयोगी देशों के नेताओं के अलावा आउटरीच के लिए आमंत्रित प्रतिनिधि भी हिस्सा लेंगे. भारत की इस साल की अध्यक्षता का विषय ‘लचीलेपन, नवाचार, सहयोग और स्थिरता के लिए निर्माण’ रखा गया है. भारत ने इससे पहले 2012, 2016 और 2021 में ब्रिक्स की अध्यक्षता की थी और 1 जनवरी 2026 को चौथी बार इसकी कमान संभाली है.

10 बड़े होटलों में ठहरेंगे विदेशी मेहमान

ब्रिक्स सम्मेलन के प्रतिनिधियों के लिए लुटियंस दिल्ली के 10 प्रमुख होटलों को चुना गया है, जिनमें ताज होटल, मौर्य शेरेटन, ली मेरिडियन, क्लेरिजेस होटल, अशोक होटल, सम्राट होटल, लीला होटल, जनपथ होटल, शांगरी-ला और ताज मान सिंह शामिल हैं. सम्मेलन से पहले राजधानी की सड़कों और सार्वजनिक स्थानों को भी सजाने-संवारने का काम तेज कर दिया गया है. सफाई, हरियाली, लाइटिंग और सिविक इंफ्रास्ट्रक्चर पर खास फोकस किया जा रहा है. तैयारियों के तहत 41 मुख्य सड़कों को 14 सर्कल में बांटा गया है, जबकि सजावट और इलेक्ट्रिक लाइटिंग के लिए 23 फूलों वाले फव्वारे, 15 फूलों वाले बोर्ड और 17 राउंडअबाउट को भी शामिल किया गया है.

ये भी पढ़ें: पानी के लिए अंतरराष्ट्रीय अदालत का कागज दिखा रहा पाकिस्तान, भारत ने कोर्ट को ही मानने से कर दिया मना