Delhi Car Blast: दिल्ली की शाम 10 नवंबर को उस वक्त दहशत में बदल गई जब ऐतिहासिक लाल किला के पास तेज़ धमाके की आवाज़ गूंज उठी. भीड़भाड़ वाले नेताजी सुभाष चंद्र बोस मार्ग पर स्थित लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर-1 के पास एक कार में हुआ विस्फोट कुछ ही पलों में अफरातफरी में तब्दील हो गया. विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि आसपास खड़ी कई गाड़ियों के परखच्चे उड़ गए, मेट्रो स्टेशन के शीशे टूट गए और सड़क पर मंजर भयावह बन गया.
शाम करीब 6:52 बजे हुए इस धमाके में 9 लोगों की मौत हो गई, जबकि 20 से अधिक लोग घायल हुए हैं. घटना स्थल से जले हुए वाहन के अवशेष बरामद किए गए हैं. प्रारंभिक जांच में यह विस्फोट हुंडई i20 कार में हुए विस्फोटक पदार्थ से हुआ बताया जा रहा है.
राजधानी में सनसनी, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने की सहायता की घोषणा
धमाके के बाद पूरे दिल्ली में शोक और गुस्से का माहौल है. मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने पीड़ितों और मृतकों के परिजनों के लिए आर्थिक सहायता की घोषणा करते हुए कहा कि सरकार हर प्रभावित परिवार के साथ खड़ी है. उन्होंने अपने आधिकारिक X (ट्विटर) हैंडल पर लिखा दिल्ली में हुई यह दुर्भाग्यपूर्ण घटना पूरे शहर के लिए एक गहरी चोट है. हमारी संवेदनाएं उन सभी परिवारों के साथ हैं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खोया है. सरकार हर पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है. मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने राहत राशि की घोषणा करते हुए बताया कि मृतकों के परिजनों को ₹10 लाख रुपये की सहायता राशि दी जाएगी. स्थायी रूप से विकलांग हुए व्यक्तियों को ₹5 लाख रुपये की सहायता दी जाएगी.
दिल्ली में हुई दुर्भाग्यपूर्ण घटना ने पूरे शहर को स्तब्ध कर दिया है। इस मुश्किल की घड़ी में दिल्ली सरकार की गहरी संवेदनाएँ उन सभी परिवारों के साथ हैं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खोया है और जो इस घटना में घायल हुए हैं।
— Rekha Gupta (@gupta_rekha) November 11, 2025
दिल्ली सरकार हर पीड़ित परिवार के साथ मज़बूती से खड़ी है और…
गंभीर रूप से घायल लोगों को ₹2 लाख रुपये की आर्थिक मदद दी जाएगी.
उन्होंने यह भी कहा कि सभी घायलों के उपचार की संपूर्ण जिम्मेदारी दिल्ली सरकार उठाएगी, ताकि किसी को भी इलाज के लिए आर्थिक परेशानी का सामना न करना पड़े. गृह मंत्रालय की सख्ती: अमित शाह ने खुद संभाली कमान घटना के बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने देर रात हालात का जायजा लिया. वे न केवल घटनास्थल पर पहुंचे बल्कि अस्पताल जाकर घायलों से भी मुलाकात की. सूत्रों के अनुसार, गृह मंत्री ने संबंधित एजेंसियों को निर्देश दिया कि इस हमले की तह तक पहुंचने के लिए कोई कोताही न बरती जाए.
दिल्ली पुलिस, इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) और एनएसजी (NSG) की टीमों के साथ हुई उच्चस्तरीय बैठक में शाह ने कहा कि “इस जघन्य अपराध में शामिल हर व्यक्ति को बेनकाब किया जाएगा. बैठक में निर्णय लिया गया कि मामले की जांच अब राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) को सौंपी जाएगी. आदेश मिलते ही NIA की विशेष टीम ने दिल्ली पहुंचकर जांच शुरू कर दी है. एजेंसी ने घटनास्थल से फॉरेंसिक सैंपल और CCTV फुटेज कब्जे में लिए हैं.
लाल किला मेट्रो स्टेशन बंद, सुरक्षा अलर्ट जारी
दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) ने सुरक्षा कारणों से लाल किला मेट्रो स्टेशन को 12 नवंबर तक बंद रखने का निर्णय लिया है. DMRC ने X पर बयान जारी करते हुए कहा कि सुरक्षा एजेंसियों के निर्देश के अनुसार, लाल किला मेट्रो स्टेशन आगामी 12 नवंबर तक यात्रियों के लिए बंद रहेगा. बाकी सभी स्टेशन सामान्य रूप से खुले रहेंगे. साथ ही दिल्ली पुलिस ने आसपास के इलाकों में हाई अलर्ट घोषित किया है. सुरक्षा जांच बढ़ा दी गई है और प्रमुख स्थानों पर अतिरिक्त बल तैनात किए गए हैं.
दहशत के बीच जांच तेज, कई सुराग हाथ लगे
जांच एजेंसियों को घटनास्थल से कार के टुकड़े, नंबर प्लेट के अवशेष और इलेक्ट्रॉनिक सर्किट के कुछ हिस्से मिले हैं. प्रारंभिक जांच से संकेत मिल रहे हैं कि विस्फोट रिमोट-एक्टिवेटेड डिवाइस से किया गया हो सकता है.NIA सूत्रों के अनुसार, यह हमला किसी सुनियोजित साजिश का हिस्सा प्रतीत होता है. हालांकि अभी तक किसी संगठन ने जिम्मेदारी नहीं ली है.
दिल्ली में बढ़ी सुरक्षा, नागरिकों से अपील
राजधानी के भीड़भाड़ वाले इलाकों चांदनी चौक, राजीव चौक, कश्मीरी गेट और इंडिया गेट पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है. नागरिकों से सतर्क रहने और किसी संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की गई है.
यह भी पढ़ें: दिल्ली की हवा में घुला 'जहर'! वायु प्रदूषण बढ़ा बेहिसाब, AQI पहुंचा 400 पार, ग्रेप-3 हुआ लागू