BRICS समिट से पहले दिल्ली की रफ्तार पर ब्रेक! 35 से ज्यादा रास्तों पर ट्रैफिक डायवर्जन, देखें वैकल्पिक रूट

Delhi Traffic Alert: BRICS सम्मेलन से पहले दिल्ली में VVIP कारकेड का ड्राई रन, सुबह 9 बजे से रात 10 बजे तक 35 से ज्यादा प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्जन और प्रतिबंध लागू रहेंगे, यात्रियों को वैकल्पिक रास्तों के साथ मेट्रो से सफर करने की सलाह.

delhi-brics-summit-vvip-carcade-traffic-route-diversion-today
Image Source: Internet

Delhi News: राजधानी दिल्ली में 11 से 13 सितंबर तक होने वाले BRICS सम्मेलन को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं. सम्मेलन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में किसी तरह की चूक न हो, इसके लिए दिल्ली पुलिस ने रविवार को VVIP कारकेड का ड्राई रन शुरू किया है. इस रिहर्सल का सीधा असर राजधानी की ट्रैफिक व्यवस्था पर पड़ रहा है. लुटियंस दिल्ली और आसपास के इलाकों में सुबह 9 बजे से रात 10 बजे तक 35 से अधिक प्रमुख सड़कों पर यातायात प्रभावित रहने की संभावना है.

कई प्रमुख मार्गों पर रहेगा ट्रैफिक दबाव

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने लोगों को परेशानी से बचाने के लिए एडवाइजरी जारी की है. प्रभावित होने वाले प्रमुख मार्गों में सरदार पटेल मार्ग, मदर टेरेसा क्रीसेंट, तीन मूर्ति मार्ग, अकबर रोड, तीस जनवरी मार्ग, राजेश पायलट मार्ग और सुब्रमण्यम भारती मार्ग शामिल हैं. इसके अलावा मथुरा रोड, मोतीलाल नेहरू मार्ग, डॉ. जाकिर हुसैन मार्ग, ब्रिगेडियर होशियार सिंह मार्ग, अफ्रीका एवेन्यू, सत्या मार्ग और शांति पथ पर भी यातायात प्रभावित रहेगा.

जनपथ, अशोका रोड, बाराखंबा रोड, टॉलस्टॉय मार्ग, रंजीत सिंह फ्लाईओवर, नीति मार्ग, पंचशील मार्ग, कमाल अतातुर्क मार्ग, एपीजे अब्दुल कलाम रोड और प्रेस एनक्लेव रोड समेत कई अन्य रास्तों पर भी ट्रैफिक डायवर्जन और प्रतिबंध लागू रहेंगे.

तिलक मार्ग और मथुरा रोड पर खास प्रतिबंध

ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, तिलक मार्ग से कनॉट प्लेस की तरफ जाने वाले वाहन चालकों को बहादुर शाह जफर मार्ग और सिकंदरा रोड का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है. मथुरा रोड और तिलक मार्ग पर सामान्य यातायात प्रतिबंधित रहेगा. आईटीओ क्रॉसिंग पर भी व्यावसायिक वाहनों की आवाजाही पर रोक रहेगी. ऐसे वाहनों को आईपी मार्ग, डीडीयू मार्ग और बहादुर शाह जफर मार्ग से जाने की सलाह दी गई है.

पटेल चौक समेत कई इलाकों में डायवर्जन

कस्तूरबा गांधी मार्ग, जनपथ, पंचकुइयां, मिंटो रोड और बाराखंबा रोड पर भी यातायात को डायवर्ट किया जाएगा. पटेल चौक से संसद मार्ग की ओर जाने वाले वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी, जबकि अशोका रोड पर यातायात जारी रहेगा. इसके अलावा भैरव रोड, मंडी हाउस, फिरोजशाह रोड, भगवान दास रोड और कॉपरनिकस मार्ग भी ड्राई रन के कारण प्रभावित हो सकते हैं.

एयरपोर्ट और रेलवे स्टेशन जाने वालों के लिए जरूरी सलाह

रविवार को रेलवे स्टेशन या IGI एयरपोर्ट जाने वाले यात्रियों को अतिरिक्त समय लेकर घर से निकलने की सलाह दी गई है. नई दिल्ली रेलवे स्टेशन जाने के लिए आईएसबीटी कश्मीरी गेट, बुलवार्ड रोड, रानी झांसी मार्ग और पंचकुइयां रोड का रास्ता सुझाया गया है. पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन के लिए आईएसबीटी कश्मीरी गेट, रिंग रोड, हनुमान मंदिर और एसपी मुखर्जी मार्ग का इस्तेमाल किया जा सकता है. वहीं हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन जाने वाले यात्रियों के लिए एम्स, रिंग रोड, आश्रम चौक और मथुरा रोड का विकल्प दिया गया है. IGI एयरपोर्ट जाने वाले यात्रियों को रिंग रोड, एम्स, मोती बाग, शंकर विहार फ्लाईओवर, एनएच-48 और महिपालपुर फ्लाईओवर वाले मार्ग से जाने की सलाह दी गई है.

दिल्ली पुलिस ने मेट्रो इस्तेमाल करने की अपील की

BRICS सम्मेलन से पहले VVIP कारकेड की रिहर्सल के चलते राजधानी में ट्रैफिक का दबाव बढ़ सकता है. ऐसे में दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे रविवार को जहां संभव हो, सड़क मार्ग के बजाय दिल्ली मेट्रो का इस्तेमाल करें. पुलिस ने कहा है कि अगर सड़क से यात्रा करना जरूरी हो तो वाहन चालक निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का ही इस्तेमाल करें और ट्रैफिक पुलिस के निर्देशों का पालन करें. इससे न केवल यात्रियों को जाम से राहत मिलेगी, बल्कि VVIP कारकेड की रिहर्सल भी सुचारु रूप से पूरी की जा सकेगी.

ये भी पढ़ें- मथुरा में वाहनों पर रोक... दिल्ली से नोएडा तक कई रास्ते बंद, घर से निकलने से पहले पढ़ लें ट्रैफिक एडवाइजरी