Janmashtami Traffic Diversion: श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के उत्सव के बीच दिल्ली-NCR से लेकर मथुरा-वृंदावन तक श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने की उम्मीद है. इसी को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने यातायात व्यवस्था को लेकर विशेष तैयारियां की हैं. दिल्ली, नोएडा और मथुरा में कई प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्जन और वाहनों की आवाजाही पर प्रतिबंध लागू रहेगा. ऐसे में घर से निकलने से पहले रूट की जानकारी लेना जरूरी होगा, ताकि जाम और परेशानी से बचा जा सके.
🚨 TRAFFIC ADVISORY | JANMASHTAMI 2026
— Delhi Traffic Police (@dtptraffic) September 3, 2026
📍 Khatu Shyam Delhi Dham | Narela
In view of Janmashtami celebrations at Khatu Shyam Delhi Dham Temple, heavy pedestrian movement is expected, which may affect traffic movement in the area.
🕖 ADVISORY PERIOD
04.09.2026, 07:00 AM to… pic.twitter.com/kmxfeNSpuX
दिल्ली में जन्माष्टमी यात्रा के चलते बदलेगा ट्रैफिक
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में जन्माष्टमी के मौके पर निकलने वाली यात्रा को देखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने विशेष यातायात व्यवस्था लागू की है. पुलिस की एडवाइजरी के मुताबिक, यात्रा पीएस सब्जी मंडी से शुरू होकर मल्कागंज चौक, रोशनआरा रोड, स्पार्क्स मॉल, सत्यवती मार्ग, शक्तिनगर चौक, जीटी करनाल रोड और घंटाघर चौक से होते हुए वापस पीएस सब्जी मंडी पहुंचेगी.
ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों को सलाह दी है कि शाम 5:30 बजे के बाद इन मार्गों पर जाने से बचें. यात्रा के कारण कुछ हिस्सों में वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो सकती है. लोगों से अपील की गई है कि वे घर से निकलने से पहले अपने रूट की योजना बना लें और जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त समय लेकर यात्रा करें.
सार्वजनिक परिवहन को प्राथमिकता देने की अपील
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से सार्वजनिक परिवहन का अधिक इस्तेमाल करने की अपील की है. साथ ही सड़क किनारे वाहन पार्क नहीं करने की सलाह दी गई है, ताकि यातायात का संचालन सुचारू बना रहे. आपातकालीन वाहनों को प्राथमिकता के आधार पर रास्ता उपलब्ध कराया जाएगा. पुलिस ने लोगों से यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग और धैर्य रखने की अपील की है.
नोएडा में इस्कॉन मंदिर के आसपास डायवर्जन
नोएडा में भी जन्माष्टमी को लेकर कई प्रमुख रास्तों पर ट्रैफिक डायवर्जन रहेगा. सेक्टर-33 स्थित इस्कॉन मंदिर के आसपास श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है. एनटीपीसी अंडरपास से गिझौड़ चौक और फिर एनटीपीसी की ओर जाने वाले वाहनों की आवाजाही पर प्रतिबंध रहेगा.
गिझौड़ से अट्टा अंडरपास की तरफ जाने वाले वाहनों को होशियारपुर और समरविला तिराहे के रास्ते से निकाला जाएगा. इस्कॉन मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं के लिए एडोबी बिल्डिंग के पास पार्किंग की व्यवस्था की गई है. वहीं, वीवीआईपी वाहनों के लिए शिल्प हाट की पार्किंग निर्धारित की गई है.
मथुरा-वृंदावन में भारी वाहनों की एंट्री पर रोक
भगवान श्रीकृष्ण की नगरी मथुरा और वृंदावन में जन्माष्टमी के दौरान सबसे ज्यादा भीड़ रहने की संभावना है. श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए प्रशासन ने भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाया है. यह व्यवस्था 5 सितंबर की सुबह 9 बजे तक लागू रहेगी. श्रीकृष्ण जन्मभूमि की ओर जाने वाले प्रमुख मार्गों पर भी वाहनों की आवाजाही नियंत्रित की जाएगी. श्रद्धालुओं को निर्धारित पार्किंग स्थलों तक पहुंचाने के लिए कई स्थानों पर वाहनों का प्रवेश रोका जाएगा.
इन प्रमुख रास्तों पर रहेगी सख्ती
श्रीकृष्ण जन्मभूमि क्षेत्र में भूतेश्वर तिराहा, मसानी चौराहा, डीग गेट, गोकरण तिराहा, चौक बाजार, भरतपुर गेट, कृष्णापुरी, स्टेट बैंक चौराहा और महाविद्या कॉलोनी समेत कई स्थानों से वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा. इसके अलावा गोवर्धन चौराहा और मंडी चौराहा से भूतेश्वर की ओर भारी वाहन, रोडवेज बस और ट्रैक्टर नहीं जा सकेंगे. रोडवेज बसों के संचालन के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किया गया है. बसों को औद्योगिक क्षेत्र और जयगुरुदेव आश्रम होते हुए मालगोदाम मार्ग से संचालित किया जाएगा.
घर से निकलने से पहले जरूर जांच लें रूट
जन्माष्टमी के दौरान दिल्ली से लेकर मथुरा तक बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के सड़कों पर उतरने की संभावना है. ऐसे में पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले ट्रैफिक एडवाइजरी और डायवर्जन की जानकारी जरूर लें. खासकर मंदिरों और धार्मिक स्थलों की ओर जाने वाले लोगों को निर्धारित पार्किंग स्थलों का इस्तेमाल करने और प्रतिबंधित मार्गों से बचने की सलाह दी गई है.
ये भी पढ़ें- Delhi Traffic Advisory: दिल्ली में BRICS समिट से पहले ट्रैफिक अलर्ट, घर से निकलने से पहले पढ़ लें एडवाइजरी