Blast के बाद आखिर कितने दिनों तक बंद रहेगा लाल किला? अलर्ट के बाद पर्यटकों की एंट्री पर भी हेगी रोक

दिल्ली सोमवार की शाम अचानक उस वक्त दहशत में आ गई जब लाल किले के पास जोरदार धमाका हुआ. घटना के कुछ ही घंटों बाद सरकार और सुरक्षा एजेंसियों ने राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था को सख्त कर दिया है.

Delhi Blast Lal quila closed for 3 days tourist entry bann
Image Source: ANI

दिल्ली सोमवार की शाम अचानक उस वक्त दहशत में आ गई जब लाल किले के पास जोरदार धमाका हुआ. घटना के कुछ ही घंटों बाद सरकार और सुरक्षा एजेंसियों ने राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था को सख्त कर दिया है. इसी बीच भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) ने ऐतिहासिक लाल किला को अगले तीन दिनों (11 से 13 नवंबर) तक आम जनता के लिए बंद रखने का आदेश जारी किया है.


सोमवार शाम करीब 6:52 बजे लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास एक Hyundai i20 कार में भीषण विस्फोट हुआ. धमाका इतना जबरदस्त था कि आसपास खड़ी कई गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं और इलाके में अफरातफरी मच गई. प्रारंभिक रिपोर्ट्स के मुताबिक इस हादसे में कम से कम 8 लोगों की मौत हुई है और 20 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं. फिलहाल, दिल्ली पुलिस, एनआईए (NIA), एनएसजी (NSG) और फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीमें मौके पर तैनात हैं. पूरे क्षेत्र को सील कर दिया गया है ताकि जांच के दौरान कोई व्यवधान न हो.

 जांच पूरी होने तक लाल किला रहेगा बंद

मंगलवार सुबह एएसआई की ओर से जारी बयान में कहा गया, कि लाल किले को तीन दिनों तक बंद रखने का फैसला आगंतुकों की सुरक्षा और जांच एजेंसियों को सहयोग देने के लिए लिया गया है. इस दौरान स्मारक परिसर में किसी को प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी. इस फैसले के बाद सभी टिकट बुकिंग्स को अस्थायी रूप से रद्द कर दिया गया है. वहीं, ऑनलाइन टिकट खरीदने वाले पर्यटकों को रिफंड या री-शेड्यूलिंग का विकल्प दिया जाएगा.

जांच एजेंसियां जुटा रही हैं हर सबूत

धमाके के अगले ही दिन सुबह से पुलिस की क्राइम टीम और फॉरेंसिक विशेषज्ञों ने घटनास्थल पर जांच तेज कर दी. नॉर्थ दिल्ली के डीसीपी राजा बंथिया ने बताया, हम घटनास्थल से सबूत इकट्ठा कर रहे हैं. धमाके के निशान और विस्फोटक सामग्री के अवशेषों की जांच जारी है. शुरुआती जांच में कुछ अहम सुराग मिले हैं, जिन पर काम किया जा रहा है. सूत्रों के अनुसार, जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि धमाका आतंकी साजिश का हिस्सा था या किसी विस्फोटक के गलत हैंडलिंग से हुआ हादसा.

लाल किला परिसर बना हाई-सिक्योरिटी जोन

धमाके के बाद पूरे लाल किला क्षेत्र को रेड जोन घोषित कर दिया गया है. इलाके में बम डिस्पोजल स्क्वॉड, स्निफर डॉग्स, और ड्रोन सर्विलांस के जरिए सघन तलाशी ली जा रही है. इसके अलावा, दरियागंज, जामा मस्जिद और चांदनी चौक जैसे आसपास के इलाकों में भी पुलिस की अतिरिक्त तैनाती की गई है. दिल्ली पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम को दें.

पर्यटकों और स्थानीय लोगों के लिए नए दिशा-निर्देश

लाल किला 11 से 13 नवंबर तक आम जनता के लिए पूरी तरह बंद रहेगा. ऑनलाइन टिकट बुक करने वालों को रिफंड या नई तिथि पर विज़िट की सुविधा मिलेगी. ट्रैफिक पुलिस ने लाल किला, चांदनी चौक और मेट्रो स्टेशन के आसपास डायवर्जन लागू कर दिया है. क्षेत्र के दुकानदारों और निवासियों को केवल आईडी कार्ड दिखाने पर ही प्रवेश की अनुमति दी जा रही है.

अमित शाह ने घायलों से की मुलाकात

धमाके के बाद गृह मंत्री अमित शाह और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता सोमवार देर रात RML अस्पताल पहुंचे, जहां उन्होंने घायलों का हालचाल जाना. बाद में शाह ने खुद घटनास्थल का निरीक्षण किया और अधिकारियों को जांच में तेजी लाने के निर्देश दिए.

जांच पूरी होने तक सख्त निगरानी

फिलहाल, लाल किला परिसर में फॉरेंसिक टीमों का काम जारी है और एएसआई ने साफ किया है कि स्मारक को सुरक्षा समीक्षा और साक्ष्य एकत्रीकरण पूरा होने के बाद ही खोला जाएगा. इस घटना ने एक बार फिर दिल्ली की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं. जांच एजेंसियां हर एंगल से केस की पड़ताल कर रही हैं. उम्मीद की जा रही है कि अगले कुछ दिनों में धमाके की असली वजह और साजिश का चेहरा सामने आ जाएगा.

यह भी पढ़ें: दिल्ली धमाके की टेरर एंगल से भी हो रही जांच, अगर निकला आंतकी हमला तो क्या माना जाएगा 'एक्ट ऑफ वॉर'?