Delhi Weather: दिल्ली के लोगों को रविवार को प्रदूषण और उमस भरी गर्मी का एक साथ सामना करना पड़ा. राजधानी का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) बढ़कर 261 पहुंच गया, जो पिछले 85 दिनों में सबसे खराब स्तर है. इसके साथ ही दिल्ली की हवा 'खराब' श्रेणी में दर्ज की गई.
इससे पहले 17 अप्रैल को AQI 263 रिकॉर्ड किया गया था. वहीं शनिवार को यह 140 था, यानी सिर्फ एक दिन में हवा की गुणवत्ता काफी खराब हो गई.
36 डिग्री तापमान, लेकिन महसूस हुई 45 डिग्री जैसी गर्मी
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक रविवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 36.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.3 डिग्री ज्यादा था.
हालांकि शाम करीब 5:30 बजे लोगों को 45.7 डिग्री सेल्सियस जैसी गर्मी महसूस हुई. मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि हवा में नमी और ज्यादा उमस की वजह से तापमान वास्तविक से कहीं अधिक महसूस हो रहा है.
दिल्ली-NCR की हवा क्यों हुई खराब?
वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) के अनुसार, दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण बढ़ने की बड़ी वजह अफगानिस्तान, ईरान और पाकिस्तान से आई धूल भरी आंधियां हैं.
इन इलाकों से उठी धूल उत्तर-पश्चिम भारत होते हुए दिल्ली तक पहुंची, जिससे हवा में पीएम10 कणों की मात्रा बढ़ गई. इसके अलावा गंगा के मैदानी इलाकों में चल रही तेज सतही हवाओं ने भी प्रदूषण बढ़ाने में भूमिका निभाई.
फिलहाल GRAP-1 लागू नहीं होगा
सीएक्यूएम का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक दिल्ली की हवा 'खराब' श्रेणी में रह सकती है. हालांकि मौजूदा हालात प्राकृतिक कारणों से बने हैं, इसलिए अभी GRAP के पहले चरण की पाबंदियां लागू नहीं की जाएंगी.
फिर भी दिल्ली प्रदूषण नियंत्रण समिति (DPCC) को शहर में धूल कम करने के लिए जरूरी कदम तेज करने के निर्देश दिए गए हैं.
AQI का क्या मतलब होता है?
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार—
दिल्ली का मौजूदा AQI 261 है, जो 'खराब' श्रेणी में आता है.
अलग-अलग इलाकों में कितना रहा तापमान?
आईएमडी के अनुसार रविवार को पालम में अधिकतम तापमान 36.6 डिग्री, लोधी रोड में 37 डिग्री, रिज में 36 डिग्री और आयानगर में 36.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
वहीं सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 28.3 डिग्री, पालम में 27.1 डिग्री, लोधी रोड में 27.2 डिग्री, रिज में 25.6 डिग्री और आयानगर में 27.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया.
आज कैसा रहेगा मौसम?
आईएमडी के मुताबिक सोमवार को भी दिल्ली में तेज सतही हवाएं चल सकती हैं. अधिकतम तापमान करीब 37 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. फिलहाल बारिश की संभावना नहीं है.
ये भी पढ़ें- कोलकाता एयरपोर्ट पर 136 साल पुरानी बांकरा मस्जिद में एंट्री बैन, नमाज पढ़ने पर भी लगी रोक, जानें वजह