दिल्ली की हवा फिर बनी जहर, आनंद विहार में AQI 400 पार, लोगों को सांस लेने में दिक्कत

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में वायु प्रदूषण ने एक बार फिर खतरनाक स्तर पार कर लिया है. शनिवार को शहर के कई हिस्सों में हवा की गुणवत्ता बेहद खराब दर्ज की गई. एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) अधिकांश इलाकों में 200 से ऊपर पहुंच गया, जबकि आनंद विहार में यह 400 के पार पहुंच गया, जो “गंभीर” श्रेणी में आता है.

Delhi Air Quality Index Pollution crosses 400 know update here
Image Source: ANI

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में वायु प्रदूषण ने एक बार फिर खतरनाक स्तर पार कर लिया है. शनिवार को शहर के कई हिस्सों में हवा की गुणवत्ता बेहद खराब दर्ज की गई. एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) अधिकांश इलाकों में 200 से ऊपर पहुंच गया, जबकि आनंद विहार में यह 400 के पार पहुंच गया, जो “गंभीर” श्रेणी में आता है. हालांकि, शुक्रवार की तुलना में मामूली सुधार देखा गया, लेकिन हालात अब भी चिंताजनक हैं.


सुबह के समय दिल्ली की सड़कों पर घनी धुंध और धुएं की परत छाई रही. दृश्यता कम होने के साथ ही हवा में जहरीले कणों की मात्रा इतनी बढ़ गई कि लोगों को आंखों में जलन और सांस लेने में तकलीफ महसूस हुई. सरकार ने GRAP-2 (ग्रेडेड रिस्पॉन्स एक्शन प्लान) के तहत प्रदूषण नियंत्रण के प्रयास तेज कर दिए हैं. जगह-जगह स्प्रिंकलर मशीनों से पानी का छिड़काव किया जा रहा है ताकि धूल और प्रदूषण के स्तर को कम किया जा सके.

पांच इलाकों में रेड अलर्ट, 28 में ऑरेंज अलर्ट जारी

दिल्ली के कई इलाकों में प्रदूषण का स्तर “बहुत खराब” से “गंभीर” श्रेणी में बना हुआ है. शादीपुर (AQI 328), बवाना (318), वजीरपुर (314), चांदनी चौक (304) और पंजाबी बाग (301) में रेड अलर्ट जारी किया गया है. इन क्षेत्रों में हवा की गुणवत्ता लोगों के स्वास्थ्य के लिए बेहद हानिकारक स्तर पर पहुंच चुकी है. वहीं, 28 अन्य इलाकों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जो “बहुत खराब” श्रेणी में आते हैं. इनमें अलीपुर (AQI 289), NSIT द्वारका (212), ITO (252), आरके पुरम (271), लोधी रोड (218), आया नगर (224) और नेहरू नगर (274) जैसे क्षेत्र शामिल हैं. सबसे खराब स्थिति आनंद विहार में दर्ज की गई, जहां AQI 411 तक पहुंच गया.

मौसम में मामूली राहत, पर बढ़ सकता है खतरा

मौसम विभाग के अनुसार, शनिवार को दिल्ली में हल्के बादल छाए रहेंगे. अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है. हालांकि हवा की गति कम होने के कारण प्रदूषक तत्व जमीन के पास ही ठहर रहे हैं, जिससे वायु गुणवत्ता में और गिरावट की आशंका बनी हुई है.

सरकार ने बढ़ाई निगरानी, जनता से सावधानी बरतने की अपील

दिल्ली सरकार और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने शहर में कंस्ट्रक्शन साइट्स, औद्योगिक क्षेत्रों और यातायात घनत्व वाले इलाकों पर निगरानी बढ़ा दी है. सड़क किनारे पानी का छिड़काव, निर्माण कार्यों में धूल नियंत्रण और कचरा जलाने पर सख्त कार्रवाई की जा रही है. प्रदूषण विशेषज्ञों का कहना है कि बदलते मौसम और हवा की दिशा के कारण अगले कुछ दिनों में स्थिति और खराब हो सकती है. ऐसे में लोगों को मास्क पहनने, सुबह की सैर से परहेज करने और जरूरत पड़ने पर ही बाहर निकलने की सलाह दी गई है.

यह भी पढ़ें: दिल्ली में छठ पूजा पर 27 अक्टूबर को रहेगी सरकारी छुट्टी... मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का बड़ा ऐलान