नई दिल्ली: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने छठ पूजा के अवसर पर बड़ा ऐलान किया है. 27 अक्टूबर, सोमवार को दिल्ली में सरकारी छुट्टी रहेगी. यह घोषणा उन सभी कर्मचारियों और नागरिकों के लिए राहत की खबर है जो इस पर्व को विधिपूर्वक मनाना चाहते हैं. छठ पूजा चार दिनों तक मनाया जाने वाला एक विशेष पर्व है. इस दौरान व्रती विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान करते हैं. छठ पूजा का तीसरा दिन सबसे महत्वपूर्ण माना जाता है. इस दिन व्रती सूर्यास्त के समय नदी या तालाब के किनारे जाकर सूर्य देव को अर्घ्य देते हैं. यही कारण है कि सरकार ने इस दिन को सार्वजनिक अवकाश घोषित किया है.
सरकारी कर्मचारियों के लिए यह छुट्टी 27 अक्टूबर, सोमवार को लागू होगी. इसके अलावा, इस दिन स्कूल और अन्य शासकीय कार्यालय भी बंद रहेंगे. इस फैसले से दिल्ली में छठ पूजा को पूरे भक्ति भाव और सांस्कृतिक परंपरा के साथ मनाने का अवसर मिलेगा. मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि यह पर्व न केवल धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है, बल्कि यह हमारी सांस्कृतिक विरासत और परंपराओं को भी सजीव रखता है. उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे इस अवसर को पूरी श्रद्धा और नियमों के पालन के साथ मनाएं.
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा, इस दिन सुबह से ही तैयारी शुरू हो जाती है और पूरा परिवार किसी ने किसी कार्य को पूरा करने में लगा रहता है. मुख्यमंत्री के अनुसार इसी तथ्य को ध्यान में सरकार ने सोमवार 27 अक्टूबर को सार्वजनिक अवकाश किया गया है. मुख्यमंत्री ने इस पर्व को लेकर श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं दी ओर कहा है कि छठ पर्व प्रकृति को समर्पित पर्व है, जिसमें सूर्यदेव और छठी मैया की पूजा होती है.
आस्था, श्रद्धा और स्वच्छता का प्रतीक है छठ पर्व
उन्होंने कहा, छठ पर्व आस्था, श्रद्धा और स्वच्छता का प्रतीक भी है, जो हमें प्रकृति, जल और सूर्य की उपासना के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश देता है. उन्होंने कहा कि यह पर्व लोक आस्था और भारतीय संस्कृति की समृद्ध परंपरा का उत्सव है, जिसमें परिवार, समाज और समुदाय एक साथ जुड़ते हैं.
आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित की है
मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार ने सभी छठ घाटों पर स्वच्छता, सुरक्षा और सभी आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित की है, ताकि श्रद्धालु निश्चिंत होकर पूजन कर सकें. उन्होंने विश्वास जताया किया कि यह पर्व सभी के जीवन में सुख, समृद्धि और नई ऊर्जा का संचार करेगा, समाज में आपसी भाईचारे और सद्भाव को और सुदृढ़ बनाएगा.
ये भी पढ़ें: दिल्ली पुलिस ने आत्मघाती हमले की साजिश को किया नाकाम, ISIS मॉड्यूल का भंडाफोड़, 2 गिरफ्तार